फायरिंग, पीछा और फिर एनकाउंटर, मुजफ्फरपुर में पुलिस के हत्थे चढ़ा कुख्यात अपराधी
June 17, 2026
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में मंगलवार देर रात पुलिस और कुख्यात अपराधी के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान प्रॉपर्टी डीलर हत्याकांड के आरोपी अमित कुमार को पुलिस ने गोली मारकर घायल कर दिया। मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गोली उसके पैर में लगी है। फिलहाल उसे इलाज के लिए एसकेएमसीएच में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
बेला और मुसहरी थाना की पुलिस संयुक्त रूप से वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान बाइक सवार अमित कुमार को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखते ही वह बाइक मोड़कर भागने लगा। जब पुलिस टीम ने उसे घेर लिया, तो उसने खुद को घिरता देख पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस की गाड़ी में गोली लग गई और बाल-बाल पुलिसकर्मी बच गए। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक गोली अमित कुमार सिंह के पैर में लग गई। घायल होने के बाद वह सड़क पर गिर पड़ा, जिसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
घटना की जानकारी मिलते ही बुधवार सुबह एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले का जायजा लिया। इसके बाद वे एसकेएमसीएच पहुंचे और डॉक्टरों से आरोपी की स्थिति की जानकारी ली।
डॉक्टरों के अनुसार आरोपी खतरे से बाहर है। पुलिस के मुताबिक, कुछ दिन पहले मुसहरी थाना क्षेत्र में जमीन कारोबारी अंकित रंजन उर्फ प्रभात मिश्रा की बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस चर्चित हत्याकांड में अमित कुमार की संलिप्तता सामने आई थी और वह घटना के बाद से फरार चल रहा था।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से आरोपी की बाइक, अवैध हथियार और कारतूस के खोखे बरामद किए हैं। अस्पताल में भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और आरोपी के वार्ड के बाहर पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि वाहन जांच के दौरान अपराधी भागने लगा। पीछा करने पर अपराधी द्वारा तीन राउंड फायरिंग की गई। पुलिस ने चेतावनी देते हुए आत्मरक्षा में फायरिंग की। एक अपराधी को गोली लगी है एक अपराधी फरार हो गया।
