'वेलकम टू द जंगल' के इंटरवल में अक्षय कुमार ने ऑडियंस को रोका, दिया तगड़ा सरप्राइज सॉन्ग
June 26, 2026
अक्षय कुमार की फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' न सिर्फ अपनी कॉमेडी सीन्स, कास्ट और कहानी के लिए, बल्कि एक बहुत ही अनोखे सिनेमैटिक ट्रिक के लिए भी चर्चा में है। अहमद खान के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म में इंटरवल के ठीक बाद एक सरप्राइज सीक्वेंस दिखाया गया है, जिसमें अक्षय कुमार और दिशा पाटनी की रोमांटिक केमिस्ट्री देखने को मिलती है। हिंदी सिनेमा में ऐसा कॉन्सेप्ट बहुत कम देखने को मिलता है और शुरुआती दर्शकों के रिस्पांस से लगता है कि मेकर्स का ये नया एक्सपेरिमेंट सफल रहा। अब सवाल ये है कि आखिर ब्रेक में ऐसा क्या दिखाया गया, जो सोशल मीडिया पर इसे लेकर इतना बज बना हुआ है।
आम तौर पर हर फिल्म में होने वाली चीजों से हटकर स्क्रीन पर इंटरवल शब्द आता है और उसके तुरंत बाद अक्षय कुमार हाथ में पॉपकॉर्न लिए दिखाई देते हैं और सीधे दर्शकों से बात करते हैं। वह बताते हैं कि मेकर्स ने फिल्म के लिए एक रोमांटिक गाना शूट किया था, लेकिन उसे फिल्म में जगह नहीं मिल पाई थी, इसलिए उन्होंने इसे इंटरवल के बाद दिखाने का फैसला किया। इस सीक्वेंस के बाद 'क्यों' गाना आता है, जिसमें अक्षय कुमार और दिशा पाटनी दिखाई दे रहे हैं। ये गाना मशहूर सिंगर तलविंदर ने गाया है, जो उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल पर भी शेयर कर दिया है।
मेकर्स की इस पहल को लेकर सोशल मीडिया पर अच्छे रिव्यू मिल रहे हैं। अक्षय कुमार की फिल्म का यह एक ऐसा एक्सपेरिमेंट है, जो सफल रहा। फिल्म के पेड प्रिव्यू 25 जून को शाम 7:30 बजे से शुरू हुए और इस एक्सपेरिमेंट को लोगों से पॉजिटिव रिस्पॉन्स मिल रहा। ऐसे कई दर्शक, जो वॉशरूम जाने या स्नैक्स लेने के लिए उठे थे। वे अक्षय कुमार का मैसेज सुनते ही तुरंत अपनी सीट पर वापस बैठ गए।
अहमद खान के निर्देशन में बनी 'वेलकम टू द जंगल' में सुनील शेट्टी, जैकलीन फर्नांडीज, अरशद वारसी, जैकी श्रॉफ, परेश रावल, रवीना टंडन, लारा दत्ता, फरीदा जलाल, जॉनी लीवर, श्रेयस तलपड़े, तुषार कपूर और राजपाल यादव जैसे कई शानदार कलाकार भी हैं।
