शुकुलबाजार: मोहर्रम पर्व को लेकर थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक सम्पन्न! सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व मनाने की अपील, प्रशासन ने जारी किए आवश्यक दिशा-निर्देश
June 04, 2026
शुकुलबाजार/अमेठी। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से स्थानीय थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई।बैठक की अध्यक्षता थाना अध्यक्ष विवेक वर्मा ने की। बैठक में ताजियादारों, जनप्रतिनिधियों तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। बैठक में मोहर्रम पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, बिजली आपूर्ति तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। थाना अध्यक्ष विवेक वर्मा ने उपस्थित लोगों से प्रशासन का सहयोग करने तथा आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की।थाना अध्यक्ष ने स्पष्ट रूप से कहा कि मोहर्रम के जुलूस एवं अन्य आयोजनों में डीजे का प्रयोग नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि ध्वनि प्रदूषण को लेकर माननीय सर्वोच्च न्यायालय एवं शासन के निर्देशों का पालन कराया जाएगा। सभी ताजियादारों और आयोजनकर्ताओं से नियमों का पालन करने को कहा गया।बैठक में मौजूद लोगों ने अपने सुझाव रखे तथा मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में प्रशासन को सहयोग देने का आश्वासन दिया। अंत में थाना अध्यक्ष ने कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी और पर्व के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।
