शिल्पा शिंदे को अपनी जिंदगी का सबसे बड़ा झूठ कबूलना पड़ा भारी, लोगों ने लगाई लताड़ तो मारा यू-टर्न
June 04, 2026
टीवी एक्ट्रेस शिल्पा शिंदे सुर्खियों में हैं। वो अपने हालिया बयान को लेकर खूब ट्रोल हो रही हैं। एक पॉडकास्ट में उन्होंने एक ऐसा पुराना वाकया साझा किया, जिसके चलते अब वो आलोचनाओं में घिर गई हैं। अब उन्होंने इन ट्रोल्स को करारा जवाब दिया है और उन्होंने दावा किया कि उनके खिलाफ हो रहा विरोध एक पेड पीआर कैंपेन का हिस्सा है। एक्ट्रेस ने लोगों से अपील की है कि वे पूरी बातचीत देखे बिना सिर्फ एक लाइन पर कोई राय न बनाएं। इंस्टाग्राम पर एक वीडियो स्टेटमेंट शेयर करते हुए शिंदे ने अपने हालिया बयानों के बाद ऑनलाइन बढ़ रही आलोचना के खिलाफ अपना बचाव किया।
अपनी पोस्ट के कैप्शन में एक्ट्रेस ने लिखा, 'पूरा पॉडकास्ट देखे बिना सिर्फ एक लाइन पर फैसला सुना देना, पेड PR का एक घटिया तरीका है।' एक्ट्रेस ने कहा कि उनके बयानों को गलत संदर्भ में पेश किया जा रहा है और उन्होंने अपने समर्थकों का शुक्रिया अदा किया जिन्होंने उनके नजरिए को समझा है। यह विवाद शिल्पा शिंदे के एक पॉडकास्ट में शामिल होने से शुरू हुआ, जहां उन्होंने अपने निजी अनुभवों और अपनी जिंदगी के एक मुश्किल दौर का जिक्र किया, जब वह 'भाबीजी घर पर हैं!' की शूटिंग कर रही थीं। उस दौरान उन्होंने क्या झेलना पड़ा ये सब उन्होंने इस पॉडकास्ट में बताया है।
इंटरव्यू में उन्होंने कबूल किया कि उन्होंने 'भाबीजी घर पर हैं!' के प्रोड्यूसर पर झूठे आरोप लगाए थे, ताकि अपने ऊपर लगे आरोपों से ध्यान हटाया जा सके और कानूनी कार्रवाई से बचा जा सके। उनके मुताबिक उनके खिलाफ लगाए गए आरोप एक सोची-समझी साजिश का हिस्सा थे, जिसका मकसद उन्हें काबू में रखना था। उन्होंने ये भी कहा कि ऐसा इसलिए किया गया था ताकि अगर वो काम छोड़ दें तो इंडस्ट्री में उन्हें कोई काम न दे।
