Birthday Special: सोनाक्षी सिन्हा की इस हरकत पर भड़क गए थे मैथ्स टीचर, एक्ट्रेस की मां को बुलाया था स्कूल
June 01, 2026
दिग्गज अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा और एक्ट्रेस पूनम सिन्हा की बेटी सोनाक्षी सिन्हा आज अपना 39वां जन्मदिन सेलिब्रेट कर रही हैं. 2 जून 1987 को उनका जन्म बिहार के पटना में हुआ था. 16 साल पहले बॉलीवुड डेब्यू करने वाली सोनाक्षी के जन्मदिन पर हम आपको उनके बचपन का एक ऐसा किस्सा सुना रहे हैं जब उनकी एक हरकत पर भड़कते हुए उनके क्लास टीचर ने उनकी मां को फोन लगाकर स्कूल बुला लिया था. इसके बाद सोनाक्षी काफी डर गई थीं.
एक रिपोर्ट के मुताबिक, सोनाक्षी सिन्हा ने खुद इस किस्से का जिक्र किया था. उन्होंने बताया था कि एक बार वो स्कूल में चीटिंग करते हुए पकड़ी गई थी. इसके बाद उन्हें सबक सिखाने के लिए उनके मैथ्स के टीचर ने उनकी मां पूनम सिन्हा को फोन लगा दिया था.
सोनाक्षी सिन्हा गणित में काफी कमजोर थीं और इस वजह से उन्हें चीटिंग करने की बुरी आदत लग गई थी. लेकिन, वो टीचर की नजरों से बच नहीं पाईं. सोनाक्षी को रंगेहाथ पकड़ने के बाद उनकी मां को फोन लगाया गया. सोनाक्षी उस वक्त अंदर से काफी डरी हुई थीं, लेकिन टीचर ने उन्हें बड़े प्यार से समझाया और मां पूनम के सामने भी टीचर ने सोनाक्षी को बिल्कुल नहीं डांटा.
39 साल की सोनाक्षी सिन्हा ने 23 साल की उम्र में फिल्म 'दबंग' से डेब्यू किया था. साल 2010 की इस ब्लॉकबस्टर फिल्म में वो सलमान खान के अपोजिट नजर आई थीं. सोनाक्षी के खाते में राउडी राठौर, दबंग 2, दबंग 3, हॉलीडे, आर...राजकुमार और सन ऑफ सरदार जैसी हिट फिल्में भी हैं. हालांकि, उन्होंने अपने करियर में फ्लॉप की लाइन भी लगाई है. इसी के चलते वो टॉप एक्ट्रेस की लिस्ट में शुमार नहीं हो पाईं.
सोनाक्षी सिन्हा की पर्सनल लाइफ की बात करें तो एक्ट्रेस ने 7 साल तक अभिनेता जहीर इकबाल को डेट किया था. 2017 में दोनों की डेटिंग शुरू हुई थी और 2024 में इस कपल ने अपने रिश्ते को नया नाम दे दिया था. जून 2024 में सोनाक्षी और जहीर ने कोर्ट मैरिज कर ली थी. इसके बाद कपल ने सेलेब्स के लिए रिसेप्शन भी रखा था. जिसमें कई बॉलीवुड सितारों ने शिरकत की थी.
