सात साल बाद टीम इंडिया खेलेगी लगातार 5 वनडे मुकाबले! न्यूजीलैंड के खिलाफ होगी सीरीज
June 03, 2026
भारतीय क्रिकेट टीम के न्यूजीलैंड दौरे का शेड्यूल सामने आ चुका है। सीरीज का आगाज टी20 इंटरनेशनल मैचों से होगा। इसमें पांच मुकाबले होंगे। इसके बाद वनडे सीरीज होगी। इसमें भी 5 मैच खेले जाएंगे। आखिर में दो टेस्ट मैच होने हैं। इसका पूरा शेड्यूल न्यूजीलैंड क्रिकेट की ओर से जारी कर दिया गया है। खास बात ये है कि करीब सात के लंबे अंतराल के बाद भारतीय टीम किसी विदेशी दौरे पर पांच एक दिवसीय मैच खेलती हुई नजर आएगी। ये एक तरह से आईसीसी वनडे विश्व कप की तैयारी है, जो अगले ही साल खेला जाएगा।
टीम इंडिया पिछले कई साल से ज्यादा से ज्यादा तीन ही वनडे मैचों की सीरीज खेल रही है। जब कोई आईसीसी या फिर एसीसी टूर्नामेंट होता है, उसी में टीम लगातार वनडे मैच खेलती है, लेकिन अब न्यूजीलैंड सीरीज में पांच बैक टू बैक वनडे मैच होंगे। मजे की बात ये है कि इससे पहले साल 2019 में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड के ही खिलाफ पांच वनडे मैचों सीरीज खेली थी, तब विराट कोहली भारतीय टीम के कप्तान हुआ करते थे। उस वक्त भारत ने इस सीरीज के चार मैच जीतकर सीरीज पर 4.1 से कब्जा करने में कामयाबी हासिल की थी।
जब साल 2019 में पांच मैचों की वनडे सीरीज हुई थी, तब विराट कोहली की कप्तानी में रोहित शर्मा ने कमाल की बल्लेबाजी की थी। उस वक्त उन्होंने 200 से ज्यादा रन बनाने में कामयाबी हासिल की थी। अपनी शानदार गेंदबाजी के बल पर तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवार्ड अपने नाम किया था। अब लगातार टी20 लीग खेली जा रही हैं। वहीं आईसीसी टूर्नामेंट की संख्या भी बढ़ गई है, इसलिए बाइलेट्रल सीरीज तीन से ज्यादा मैचों की नहीं हो पाती है।
