लखनऊ। शहर में लगातार बढ़ रहे अवैध अतिक्रमण और उससे उत्पन्न हो रही यातायात संबंधी समस्याओं को देखते हुए नगर निगम लखनऊ ने शनिवार को व्यापक अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश पर संचालित इस विशेष अभियान का उद्देश्य प्रमुख सड़कों, सार्वजनिक स्थलों और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कर नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना रहा।
इसी क्रम में जोन-5 क्षेत्र में अवध चैराहे से हरदोई रोड तक विशेष अभियान चलाकर अस्थायी अवैध अतिक्रमण हटाया गया। कार्रवाई के दौरान सड़क एवं फुटपाथों पर लगाए गए ठेले, ठेलियां, खुमचे, गुमटियां और काउंटर हटवाए गए। अभियान में कुल 8 ठेले, 6 गुमटियां तथा 4 काउंटर हटाए गए। साथ ही अतिक्रमणकारियों को दोबारा कब्जा न करने की सख्त चेतावनी भी दी गई।
यह अभियान जोनल अधिकारी जोन-5 विनीत कुमार सिंह के नेतृत्व में संचालित किया गया। कार्रवाई में कर अधीक्षक सभाजीत सिंह, जोनल सेनेटरी अधिकारी सचिन सक्सेना, राजस्व निरीक्षक विवेक मिश्रा, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक सुभाष चैधरी, प्रवर्तन दल (296) तथा पुलिस बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वहीं नगर आयुक्त के निर्देशों के अनुपालन में जोन-7 क्षेत्र में भी अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान चलाया गया। जोनल अधिकारी रामेश्वर प्रसाद के नेतृत्व में मुंशीपुलिया चैराहे एवं आसपास के क्षेत्रों में नालियों, नालों तथा सड़कों की दोनों पट्टियों पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया। इस दौरान एक गुमटी जब्त की गई, जबकि 3 लोहे के काउंटर, 2 ठेले, 4 ठेलियां और 3 गुमटियां हटाई गईं। अभियान में कर अधीक्षक श्री विनय मौर्य, ईटीएफ टीम तथा 296 प्रवर्तन दल के सदस्य भी मौजूद रहे।
