बागपत में चाय बनाते समय सिलेंडर में आग, 4 साल के मासूम की मौत
June 04, 2026
यूपी के बागपत में घर में चाय बनाते समय छोटे और बड़े सिलेंडर में लगी आग से झुलसे 4 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई जबकि उसका 10 वर्षीय भाई, दादा-दादी व चाचा आग से झुलस गए। आग लगे सिलेंडर को किसी तरह घर के बाहर फेंका जिसे पड़ोसियों ने किसी तरह बुझाया। बच्चे की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले में जानकारी जुटाई। वहीं, परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है।
दरअसल, यह घटना बड़ौत शहर कोतवाली क्षेत्र के पठानकोट मोहल्ले में देर रात को हुई। यहां हासिम अपने माता-पिता, बीवी-बच्चों के साथ रहता है। देर रात घर में चाय बनाते समय अचानक बड़े सिलेंडर में लीकेज होने से आग लग गई। इससे पास में रखे 5 किलोग्राम वाले छोटे सिलेंडर ने भी आग पकड़ ली। आग लगने से घर में चीख पुकार मच गई। पहले तो सभी घर से बाहर भागने लगे, लेकिन जब 4 वर्षीय जैद पुत्र हासिम कहीं नहीं दिखा तो घर में फिर से सभी अंदर दौड़े।
डर की वजह से जैद एक चारपाई के नीचे छिप गया था। उसे बाहर निकालने में उसके दादा कय्यूम, दादी संजीदा और 10 वर्षीय बच्चा हुसैद भी झुलस गए। गम्भीर रूप से आग में झुलस चुके जैद को आनन फानन में यहां से दिल्ली ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घर में आग लगे सिलेंडर को बाहर निकालने में जैद के चाचा वसीम भी बुरी तरह से झुलस गए।
सिलेंडर को बाहर एक खाली प्लॉट में फेंकने के बाद भी सिलेंडर से आग की लपटें काफी ऊंची उठती रही जिससे मोहल्ले में अफरा-तफरी का माहौल रहा। किसी तरह पड़ोसियों ने सिलेंडर में लगी आग पर काबू पाया।
मृतक 4 वर्षीय जैद 6 भाई बहन (2 लड़के, 4 लड़कियां) थे जिनमें से जैद सबसे छोटा था। जैद के पिता हासिम गाड़ी चलाकर परिवार का पालन करते हैं जबकि परिवार के दूसरे लोग भी मजदूरी करते हैं। इस दर्दनाक घटना के बाद मोहल्ले-पड़ोस में भी शोक छाया हुआ हैं। सभी लोग परिवार के लोगों को सांत्वना देने के लिए इकट्ठा हुए।
