Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

पुलिस की वर्दी में आते थे, अपहरण कर ले जाते थे! पिस्तौल और वर्दी के साथ 4 फर्जी पुलिसकर्मी गिरफ्तार


तेलंगाना के हैदराबाद में आंध्र प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार और हरियाणा के 4 'नकली पुलिसवालों' को गिरफ्तार किया है। इन पर आरोप है कि ये खुद को पुलिसकर्मी बताकर व्यापारियों का अपहरण करते थे और उनसे पैसे वसूलते थे। यह गिरोह पीड़ितों को धोखा देने के लिए नकली आईडी कार्ड और पुलिस की वर्दी का इस्तेमाल करता था। कुल मिलाकर ₹5.26 लाख की वसूली की गई। आरोपियों के पास से कई नकली दस्तावेज तथा हथियार बरामद किए गए।

साइबराबाद पुलिस ने 4 ऐसे लोगों को गिरफ्तार किया है, जो खुद को पुलिसकर्मी बताकर शहर में अपहरण, वसूली, अवैध हिरासत और अन्य संगठित अपराधों को अंजाम दे रहे थे। इस गिरोह के दो अन्य साथी अभी भी फरार हैं।

पुलिस के अनुसार, कुकटपल्ली के जयनगर निवासी एक व्यक्ति, कावूरी पूर्णचंद्र राव (42) ने पुलिस से संपर्क किया और एक शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में उन्होंने बताया कि 18 मई को जब वह प्रशांत नगर की ओर जा रहे थे, तभी शुभोधया कॉलोनी के पास कुछ लोगों के एक समूह ने उन्हें रोक लिया। उन लोगों ने खुद को पुलिसकर्मी बताया। उन्होंने पूर्णचंद्र को बताया कि हरियाणा में उनके खिलाफ एक मामला लंबित है और उन्हें जांच के लिए उनके साथ चलना होगा।

कुतुबुल्लापुर के DCP, एन. कोटि रेड्डी ने बताया, "6 सदस्यों वाले इस गिरोह ने पूर्णचंद्र को जबरदस्ती एक कार में बिठाया और उन्हें सूर्यपेट ले गए, जहां उन्होंने पूर्णचंद्र को ₹1 लाख निकालने के लिए मजबूर किया। इसके बाद वे वापस हैदराबाद आ गए और पूर्णचंद्र से ऑनलाइन पेमेंट गेटवे के जरिए ₹5.26 लाख ट्रांसफर करवा लिए। गिरोह के सदस्यों ने पूर्णचंद्र का फोन छीन लिया और उन्हें कुकटपल्ली में छोड़ दिया।"

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि यह गिरोह खास तौर पर व्यापारियों और अमीर लोगों को निशाना बनाता था। वे पुलिसकर्मी बनकर ठगी करते थे और इसके लिए नकली पुलिस ID कार्ड, वर्दी और रैंक बैज का इस्तेमाल करते थे। गिरफ्तार किए गए लोगों में आंध्र प्रदेश का नागराजू रघु वर्मा उर्फ ​​कर्नल कार्तिकेय सिंह, उत्तर प्रदेश का यशवंत सिंह उर्फ ​​राहुल, उत्तर प्रदेश का सत्यभान सिंह उर्फ ​​ठाकुर और हैदराबाद का थंगेल्लापल्ली नागेंद्र वर्मा शामिल हैं। दो अन्य आरोपी बिहार का प्रदीप कुमार मिश्रा और हरियाणा का सुनील कुमार उर्फ ​​फौजी अभी भी फरार हैं।

पुलिस ने मोबाइल फोन, एक एयर पिस्टल, एक देसी 7.65 मिमि पिस्टल, एक लैपटॉप, पुलिस की वर्दी, नकली पुलिस पहचान पत्र, रैंक बैज, हथकड़ियां, पुलिस की मुहरें, लेटर पैड और अदालत की मुहरें जब्त कीं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |