Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

365.50 करोड़ की 74 परियोजनाओं की सौगात देकर बोले मुख्यमंत्री योगी, 'पहले दंगे होते थे, अब विकास होता है

लाइनपार का नाम होगा दाऊदयाल खन्ना नगर
•मुरादाबाद शिक्षा, नवाचार और सांस्कृतिक विरासत की नई 
   पहचान'
बुद्धि विहार मुरादाबाद में जनसभा को संबोधित करते सीएम योगी

दीपक शर्मा/सूरज
मुरादाबाद(विधान केसरी)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को मुरादाबाद को 365.50 करोड़ रुपये की 74 विकास परियोजनाओं की सौगात देते हुए कहा कि "पहले उत्तर प्रदेश दंगों और भय के लिए जाना जाता था, लेकिन आज विकास, सुशासन और सुरक्षा उसकी नई पहचान है। मुरादाबाद अब शिक्षा, नवाचार और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का आधुनिक मॉडल बनकर उभर रहा है।" उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विकास के साथ-साथ इतिहास, संस्कृति और राष्ट्रनायकों के सम्मान को भी समान महत्व दे रही है।
बुद्धि विहार फेज-2 मैदान में आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री ने 136.15 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 229.35 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास किया। लोकार्पित परियोजनाओं में वॉर मेमोरियल, श्रीराम वाटिका और खेल पार्क प्रमुख रहे। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री ने दानवीर भामाशाह को श्रद्धांजलि अर्पित कर की।
मुख्यमंत्री योगी को उनका चित्र भेंट करते कुंदरकी विधायक 
भामाशाह के त्याग को बताया राष्ट्रभक्ति की मिसाल
मुख्यमंत्री ने दानवीर भामाशाह जयंती एवं व्यापारी कल्याण दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भामाशाह ने अपनी संपूर्ण संपत्ति महाराणा प्रताप को समर्पित कर स्वाभिमान और स्वतंत्रता की लड़ाई को नई शक्ति प्रदान की थी। उन्होंने कहा कि हल्दीघाटी युद्ध के बाद कठिन परिस्थितियों में भामाशाह का सहयोग ही वह आधार बना, जिससे महाराणा प्रताप वर्षों तक संघर्ष जारी रख सके। उनका त्याग आज भी समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
व्यापारी सुरक्षा और कल्याण पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार व्यापारी वर्ग की सुरक्षा और सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि जीएसटी में पंजीकृत व्यापारी या उद्यमी की किसी दुर्घटना अथवा अप्रिय घटना में मृत्यु होने पर उसके परिवार को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। उन्होंने व्यापारियों से इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
मुख्यमंत्री को पटका पहनाते प्रभारी मंत्री मुरादाबाद 
'पहले व्यापारी असुरक्षित थे, अब बदली तस्वीर'
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब थी। व्यापारी असुरक्षित थे, बेटियां भय के माहौल में रहती थीं और अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ था। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है और व्यापारी सुरक्षित वातावरण में कारोबार कर रहे हैं। युवाओं, किसानों और निवेशकों के लिए बेहतर माहौल तैयार हुआ है।
विपक्ष पर तीखा हमला
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि इन दलों के पास विकास का कोई विजन नहीं है। इनके लिए विकास का अर्थ केवल परिवार का विकास रहा, जबकि भाजपा 25 करोड़ प्रदेशवासियों के विकास को अपना लक्ष्य मानती है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की साइकिल अब पंचर हो चुकी है और जनता राजनीतिक छलावे को समझ चुकी है।
अयोध्या हमारी वैचारिक विजय, अब मथुरा-वृंदावन पर भी बोलें
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज विपक्ष को भी अयोध्या को स्वीकार करना पड़ रहा है, जो भाजपा की वैचारिक विजय है। उन्होंने कहा कि एक दिन समाजवादी पार्टी के नेता भी राम नाम का संकीर्तन करेंगे। उन्होंने विपक्ष से मथुरा-वृंदावन और श्रीकृष्ण जन्मभूमि के मुद्दे पर भी स्पष्ट रुख अपनाने की चुनौती दी।
'तुर्कों का साम्राज्य खत्म, अब रामराज्य ही चलेगा'
मुख्यमंत्री ने कुंदरकी विधानसभा के जनादेश का उल्लेख करते हुए कहा कि जनता ने स्पष्ट संदेश दिया है कि अब रामराज्य की भावना के साथ विकास होगा। उन्होंने संभल के हरिहर मंदिर का उल्लेख करते हुए कहा कि यदि समाज पहले जागरूक और संगठित होता तो ऐतिहासिक धरोहरों के साथ अन्याय नहीं होता।
लाइनपार का नाम होगा दाऊदयाल खन्ना नगर
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन से जुड़े वरिष्ठ नेता दाऊदयाल खन्ना के सम्मान में लाइनपार क्षेत्र का नाम 'दाऊदयाल खन्ना नगर' रखा जाएगा। साथ ही गुरु जंभेश्वर मंदिर कॉरिडोर के विकास की दिशा में भी कार्य कराने की घोषणा की।
मंदिरों और विरासत संरक्षण पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले सरकारी धन कब्रिस्तानों की बाउंड्री बनाने में खर्च होता था, जबकि वर्तमान सरकार मंदिरों के सौंदर्यीकरण, संविधान वाटिकाओं, स्वतंत्रता सेनानियों की स्मृतियों और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर निवेश कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब दंगा नहीं, विकास होता है।
मुरादाबाद बन रहा शिक्षा और नवाचार का केंद्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले उच्च शिक्षा के लिए युवाओं को दूसरे शहरों का रुख करना पड़ता था, लेकिन अब मुरादाबाद का अपना विश्वविद्यालय है। स्मार्ट सिटी परियोजनाएं, चौड़ी सड़कें, श्रीराम वाटिका, संविधान वाटिका और आधुनिक आधारभूत ढांचा शहर की नई पहचान बन रहे हैं।
सदर विधायक रितेश गुप्ता ने किया स्वागत
सदर विधायक रितेश गुप्ता ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की दिशा और दशा दोनों बदली हैं। कानून व्यवस्था, निवेश, आधारभूत ढांचे, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में प्रदेश आज नए विकास मॉडल के रूप में स्थापित हुआ है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में मुरादाबाद में भी विकास कार्यों को नई गति मिली है।
कुंदरकी विधायक ने गिनाईं उपलब्धियां
कुंदरकी विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने कहा कि योगी सरकार ने नौ वर्षों में रिकॉर्ड स्तर पर एक्सप्रेसवे नेटवर्क का विस्तार किया है। गंगा एक्सप्रेसवे समेत अनेक सड़क परियोजनाओं से प्रदेश की कनेक्टिविटी और आर्थिक विकास को नई गति मिली है।
भूपेंद्र सिंह चौधरी बोले— यूपी विकास यात्रा का नेतृत्व कर रहा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण हुआ है। उत्तर प्रदेश आज देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला राज्य बन चुका है और कानून व्यवस्था, सड़क, बिजली, शिक्षा तथा किसानों के हितों में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश बीमारू राज्य की छवि से निकलकर देश की विकास यात्रा का नेतृत्व कर रहा 

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |