Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

बर्थडे पार्टी से लौटते हुए 251 की स्पीड से दौड़ाई BMW, खौफनाक एक्सीडेंट में 2 दोस्तों की मौत


महाराष्ट्र के बदलापुर से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। मुंबई-बड़ौदा महामार्ग पर तेज रफ्तार BMW कार के दुर्घटनाग्रस्त होने से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इतना भयावह था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के वक्त कार की रफ्तार 250 किमी प्रति घंटे से ज्यादा बताई जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, रविवार 21 जून की तड़के यह दुर्घटना उस समय हुई जब BMW कार टिटवाला से बदलापुर की ओर आ रही थी। बताया जा रहा है कि कार की रफ्तार करीब 251 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई थी। एरंजाड क्षेत्र के पास चालक का वाहन से नियंत्रण खो गया और कार डिवाइडर से टकरा गई। इसके बाद कार कई बार पलटी खाती हुई सड़क पर घिसटती चली गई।

इस हादसे में योगेश दिघे और रिकेबा जेकब की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, आनंद नामक एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका ठाणे के एक प्राइवेट अस्पताल में इलाज जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना इतनी भीषण थी कि एक मृतक युवती के शव के अंग करीब 500 मीटर तक दूर-दूर बिखर गए।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रात करीब 2 से 3 बजे के बीच BMW एक्सप्रेसवे पर कई बार तेज रफ्तार में दौड़ रही थी। एक चश्मदीद ने बताया कि कार दो बार बहुत तेज स्पीड में निकली और तीसरी बार जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी।

बताया जा रहा है कि सभी युवक-युवतियां शनिवार रात जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने के बाद बदलापुर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। स्थानीय स्तर पर कुछ लोगों का दावा है कि चालक शराब के नशे में हो सकता था, हालांकि पुलिस की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। फॉरेंसिक जांच और पुलिस की जांच रिपोर्ट के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।

हादसे के बाद पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने भी जरूरी सबूत इकट्ठा किए। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि हादसे के समय चालक ने शराब पी थी या नहीं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |