आरसीबी विक्ट्री सेलिब्रेशन बना बवाल, बसों में तोड़फोड़ के आरोप में 18 गिरफ्तार
June 02, 2026
आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले में आईपीएल के फाइनल में आरसीबी की जीत के बाद जमकर तोड़फोड़ हुई थी। पुलिस ने अब इस मामले में एक्शन लिया है। रविवार को IPL फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की जीत के बाद हुए जश्न के दौरान, सार्वजनिक और निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में कुरनूल जिले की पुलिस ने 18 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। यह घटना रविवार रात को कुरनूल शहर के राज विहार सेंटर के पास हुई थी। गिरफ्तार किए गए लोगों का पुलिस ने एक साथ सड़क पर जुलूस भी निकाला।
RCB के IPL खिताब की जीत का जश्न मनाने के लिए बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रशंसक सड़कों पर जमा हो गए थे। जो जश्न के तौर पर शुरू हुआ था। वह जल्द ही अफरा-तफरी में बदल गया, जब कुछ लोगों ने बसों और अन्य संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया।
बेकाबू प्रशंसकों ने APSRTC की कई बसों को निशाना बनाया और बसों की खिड़कियां तोड़ दीं, जिससे सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान हुआ। इन जोशीले प्रशंसकों ने कुछ निजी वाहनों और सड़क किनारे की संपत्तियों को भी नुकसान पहुंचाया।
शिकायतों के बाद, कुरनूल टू टाउन पुलिस स्टेशन में एक मामला दर्ज किया गया और जिला पुलिस अधीक्षक विक्रांत पाटिल ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे तोड़फोड़ के लिए ज़िम्मेदार लोगों की पहचान करें और उनके खिलाफ कार्रवाई करें।
पुलिस ने इलाके के CCTV फ़ुटेज, सोशल मीडिया पर शेयर किए गए वीडियो और अन्य तकनीकी सबूतों की जांच की। इसके आधार पर तोड़फोड़ में शामिल 18 लोगों की पहचान की गई और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
