अमेठीः भीषण गर्मी! बदला स्कूलों का समय ! अब दोपहर 12.30 बजे तक चलेंगी कक्षा 1 से 8 की पढ़ाई
June 29, 2026
अमेठी। भीषण गर्मी और लगातार पड़ रही लू को देखते हुए जिला प्रशासन ने कक्षा 1 से 8 तक के स्कूलों के समय में बदलाव किया है। जिलाधिकारी संजय चैहान के निर्देश पर बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय तिवारी ने नया आदेश जारी किया है। इसके तहत जिले के सभी विद्यालय अब सुबह 7.30 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक संचालित होंगे।यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है और जिले के परिषदीय, मान्यता प्राप्त, सहायता प्राप्त, सीबीएसई, आईसीएसई तथा अन्य बोर्डों से संचालित नर्सरी से कक्षा 8 तक के सभी विद्यालयों पर लागू होगा। प्रशासन का मानना है कि दोपहर की तेज धूप और बढ़ते तापमान के बीच छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।अमेठी में इन दिनों तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच रहा है और लू का असर लगातार बना हुआ है। ऐसे में अभिभावकों की ओर से भी स्कूलों का समय बदलने की मांग की जा रही थी। प्रशासन के इस फैसले से बच्चों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। बीएसए ने सभी प्रधानाचार्यों और खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही विद्यालयों में बच्चों के लिए स्वच्छ पेयजल और ओआरएस की पर्याप्त व्यवस्था रखने को भी कहा गया है। आदेश की अनदेखी करने वाले विद्यालयों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
