Vitamin D3, कैल्शियम और Methylcobalamin समेत 30 दवाइयों की MRP हुई फिक्स
May 31, 2026
आम लोगों को जरूरी दवाएं तय कीमत पर उपलब्ध कराने के लिए राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण यानी NPPA ने बड़ा कदम उठाया है और 30 दवा फॉर्मूलेशन की MRP यानी अधिकतम बिक्री मूल्य तय कर दिया है। NPPA ने 27 मई 2026 को जारी किए अपने आदेश में 30 दवाओं की MRP निर्धारित की है। यहां देखिए किन-किन दवाओं के दाम कम किए गए हैं।
NPPA की तरफ से जारी नोटिफिकेशन के मुताबिक, जिन दवाओं के दाम तय किए गए हैं उनमें Vitamin D3 Oral Solution, Calcium, Vitamin D3, Methylcobalamin, L-Methylfolate Calcium, Pyridoxal-5 Phosphate सहित कई अहम दवा फॉर्मुलेशन शामिल हैं। ये दवाएं विटामिन की कमी, हड्डियों की मजबूती और अन्य सेहत से जुड़ी बीमारियों के इलाज में व्यापक रूप से प्रयोग होती हैं।
NPPA की इस लिस्ट में एल्जिनेट राफ्ट-फॉर्मिंग ओरल सस्पेंशन, बिलास्टिन-मोंटेलुकास्ट टैबलेट, बिसोप्रोलोल फ्यूमरेट, एटोरवास्टेटिन-फेनोफाइब्रेट टैबलेट और एम्लोडिपिन टैबलेट जैसी दवाएं भी शामिल हैं। दस्तावेज में हर दवा की यूनिट के मुताबिक नई रिटेल कीमत भी लिखी हुई है। इन्हीं दामों पर अब इन दवाओं को बाजार में बेचा जा सकेगा।
इस लिस्ट में शामिल एक प्रमुख दवा, विटामिन D3, कैल्शियम, मेथाइलकोबालामिन, पाइरिडॉक्सल-5 फॉस्फेट और एल-मेथाइलफोलेट कैल्शियम से युक्त टैबलेट हैं, जिसकी प्रति टैबलेट रिटेल कीमत 19.78 रुपये तय की गई है। वहीं, एटोरवास्टेटिन एंड फेनोफाइब्रेट टैबलेट का दाम 18.46 रुपये प्रति टैबलेट निर्धारित किया गया है।
NPPA के अनुसार, दवाओं के दाम का नियमन उपभोक्ताओं को उचित रेट पर जरूरी दवाएं उपलब्ध कराने और मार्केट में मूल्य पारदर्शिता बनाए रखने के खातिर होता है। नए दाम, NPPA का नोटिफिकेशन जारी होने के साथ ही लागू हो गए हैं। संबंधित मैन्युफैक्चरिंग और मार्केटिंग कंपनियों को इन्हीं तय दरों का पालन करना होगा। इस निर्णय से मरीजों को जरूरी दवाओं के दाम को लेकर राहत मिलने की उम्मीद की जा रही है।
