Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

ईरान ने अमेरिकी MQ-1 ड्रोन को मार गिराने का किया दावा


आईआरजीसी ने ईरानी हवाई क्षेत्र में अमेरिकी MQ-1 ड्रोन को मार गिराने का दावा किया है। ईरानी मीडिया ने बताया कि ड्रोन को कथित तौर पर शत्रुतापूर्ण अभियान चलाने की कोशिश करते समय पकड़ा गया था। ईरान की अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी तसनीम के अनुसार, IRGC ने कहा कि ड्रोन को ईरानी हवाई क्षेत्र में प्रवेश करने के तुरंत बाद उसकी सर्विलांस और एयर डिफेंस सिस्टम ने पता लगा लिया और मार गिराया।

ईरानी अधिकारियों ने दावा किया कि मानवरहित विमान को सफलतापूर्वक नष्ट कर दिया गया है। IRGC ने विमान को अमेरिकी सेना का बताया। उन्होंने ड्रोन को मार गिराने के दावे को यह कहकर सही ठहराया कि ड्रोन "शत्रुतापूर्ण कार्रवाई करने के इरादे से" प्रवेश कर रहा था। हालांकि अमेरिका की ओर से तत्काल कोई पुष्टि नहीं की गई है।

इस बीच, होर्मुज स्ट्रेट पर अपनी संप्रभुता की पुष्टि करते हुए ईरान ने कड़ी चेतावनी जारी की है। ईरान ने कहा है कि व्यापारिक और नौसैनिक दोनों जहाजों को इस महत्वपूर्ण समुद्री गलियारे में शिपिंग प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करना होगा अन्यथा उन्हें संभावित परिणामों का सामना करना पड़ेगा। ईरानी मीडिया द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, खातम अल-अनबिया केंद्रीय मुख्यालय ने कहा, "होर्मुज स्ट्रेट का प्रबंधन पूरी तरह से ईरान के इस्लामी गणराज्य के सशस्त्र बलों के अधिकार क्षेत्र में है।"

सैन्य कमान ने कहा कि "सभी जहाजों, वाणिज्यिक पोतों और टैंकरों को केवल निर्धारित मार्गों से ही यात्रा करनी होगी और इस्लामी क्रांतिकारी सुरक्षा कोर नौसेना से अनुमति प्राप्त करनी होगी। इन नियमों का कोई भी उल्लंघन उनके यातायात की सुरक्षा को गंभीर रूप से खतरे में डाल देगा।" बता दें कि तेहरान ने क्षेत्र में तैनात अंतरराष्ट्रीय नौसैनिक टुकड़ियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जहाजरानी प्रशासन या पोत यातायात में किसी भी प्रकार की बाधा होने पर तुरंत जवाबी कार्रवाई की जाएगी।

मिडिल-ईस्ट में जारी तनाव के बीच अमेरिकी ड्रोन के मार गिराए जाने को ट्रंप के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। एक तरफ अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध विराम पर चर्चा चल रही है तो वहीं दूसरी तरफ अमेरिकी ड्रोन को ईरान ने मार गिराया है। इसके अलावा होर्मुज स्ट्रेट पर भी अमेरिका को लेकर किए गए दावे अब हवा-हवाई नजर आ रहे हैं। ईरान ने साफ तौर पर कह दिया है कि होर्मुज स्ट्रेट का प्रबंधन पूरी तरह से ईरान के अधिकार क्षेत्र में है।

बता दें कि MQ-1 प्रीडेटर एक मध्यम ऊंचाई पर उड़ने वाला, लंबी दूरी तक उड़ान भरने वाला मानवरहित हवाई वाहन है। अमेरिकी रक्षा कंपनी जनरल एटॉमिक्स ने इसे विकसित किया है। 1990 के दशक के दौरान इसे पेश किया गया था, जो दुनिया के पहले ड्रोनों में से एक है। यह ड्रोन सर्विलांस और अटैक दोनों मिशनों को अंजाम देने में सक्षम था। इसने आधुनिक युद्ध को बदल दिया है। इस ड्रोन की लंबाई लगभग 8.2 मीटर और पंखों का फैलाव लगभग 16.8 मीटर है। यह 217 किमी/घंटा तक की गति से उड़ सकता है और 24 घंटे से अधिक समय तक हवा में रह सकता है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |