लंभुआ/सुल्तानपुर। 26 मई को गंगा दशहरा पर्व के मद्देनजर प्रशासन युद्ध स्तर पर तैयारियों में जुटा है।
धोपाप धाम पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए महिलाओं के लिए अस्थाई चेंजिंग रूम, शौचालय, नदी में बैरिकेडिंग, बोरी में मिट्टी भरकर अस्थाई घाट, पार्किंग व टेंट लगाने का कार्य तेजी से चल रहा है। लगभग 90 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।
एसडीएम लंभुआ प्रीति जैन,बीडीओ नीलिमा गुप्ता व एडीओ पंचायत प्रदीप यादव एवं समस्त विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौके पर एक-एक प्वाइंट की जांच व व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। सुरक्षा व भीड़ नियंत्रण के लिए भी पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार आज शाम धोपाप धाम पर डीएम व एसपी पुनः दौरा कर तैयारियों का जायजा ले सकते हैं। प्रशासन का लक्ष्य है कि श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो।
गंगा दशहरा पर धोपाप धाम में गोमती नदी में स्नान के लिए हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। वहीं दशहरा की तैयारी में स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं समाजसेवी भी सहयोग में लगे हुए हैं।

