रूद्रपुर। गणेश गोदियाल के आज दोपहर रुद्रपुर पहुंचने पर बगवाड़ा में गाजे-बाजों के साथ गर्मजोशी से जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान बगवाड़ा स्थित कांग्रेस नेता विक्रम सिंह विर्क के निवास पर आयोजित स्वागत कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं से विस्तृत संवाद किया। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कमर कसने और भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर जुटने का आह्वान किया।
पत्रकारों से वार्ता करते हुए प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और बदहाल स्वास्थ्य एवं शिक्षा व्यवस्था से त्रस्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जनता से किए गए वादों को पूरा करने में पूरी तरह विफल साबित हुई है।
उन्होंने कहा कि छंतमदकतं डवकप के आह्वान पर पेट्रोलियम पदार्थों की बचत को लेकर भाजपा केवल दिखावे की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि जनहित में तेल बचाना सही है, लेकिन भाजपा के मंत्री स्वयं इलेक्ट्रॉनिक वाहनों पर सवार होकर निकलते हैं और उनके साथ कई कार्यकर्ता कारों में चलते हैं, जो केवल दिखावा प्रतीत होता है।
गोदियाल ने कहा कि पार्टी में किसी भी प्रकार का विवाद नहीं है। कार्यकर्ताओं में अलग-अलग विचार हो सकते हैं, लेकिन इसे विवाद नहीं कहा जा सकता। उन्होंने कहा कि असली विवाद इस समय सरकार और गदरपुर के विधायक के बीच चल रहा है। उन्होंने कहा कि देश में प्रत्येक नागरिक को मौलिक अधिकार प्राप्त हैं और यदि किसी के अधिकारों का हनन कर उसका उत्पीड़न किया जाता है तो यह गलत है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आज भारत की अंतरराष्ट्रीय स्थिति कमजोर हुई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में पेट्रोलियम पदार्थों और गैस की कीमतें आज की तुलना में काफी कम थीं, जबकि वर्तमान समय में आम जनता को बढ़ती महंगाई का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस उत्तराखंड में ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री एवं किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़, पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, महानगर अध्यक्ष ममता रानी, राजेश प्रताप सिंह, गुलशन सिंधी, विक्रमजीत सिंह विकी, हरभजन सिंह विर्क, जहांगीर कुरैशी, मदन मोहन शर्मा, परिमल राय, सुमित्तर भुल्लर, नव तेजपाल सिंह, देवेंद्र शाही, जनार्दन सिंह, दर्शन कोली, गुरदास कालड़ा, सर्वेश सिंह, संजय ठुकराल, ललित सिंह बिष्ट, अजय नारायण सिंह, सुनील चुग, सुखवंत सिंह विर्क सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।।

