Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

शिशिर शर्मा ने सुशांत सिंह राजपूत को किया याद, बोले- वो बहुत सुलझा हुआ इंसान था


बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत का नाम आज भी उनके चाहने वालों के दिलों में बसा हुआ है. 14 जून 2020 को 34 साल की उम्र में उन्होंने इस दुनिया को अलविदा कह दिया था. वो अपने बांद्रा स्थित घर पर मृत पाए गए थे. हाल ही में सुशांत के साथ फिल्म 'छिछोरे' में काम करने वाले दिग्गज एक्टर शिशिर शर्मा ने उन्हें याद किया. चलिए जानते हैं उन्होंने क्या कहा.

शिशिर शर्मा ने बताया कि उन्हें नहीं लगता कि सुशांत खुदकुशी कर सकते हैं, क्योंकि वो बहुत ही सुलझे हुए इंसान थे. शिशिर शर्मा ने सिद्धार्थ कनन को दिए इंटरव्यू में सुशांत को याद करते हुए बताया कि उनकी अचानक मौत की खबर सुनकर वो पूरी तरह से हैरान रह गए थे.

शिशिर शर्मा ने कहा, 'जब मैं टीवी शो 'यहां मैं घर घर खेली' में काम कर रहा था, तब सुशांत शो 'पवित्र रिश्ता' का हिस्सा थे. दोनों पास में ही शूट करते थे और लंच ब्रेक में साथ बैठकर खाना खाते थे. जब नितेश तिवारी ने मुझे 'छिछोरे' में कास्ट किया और कहा कि सुशांत सिंह राजपूत भी इसका हिस्सा होंगे, तो मैं बहुत एक्साइटेड था. मैं उस इंसान के साथ काम करना चाहता था. मैं सेट पर पहुंचा और हम दोनों ने एक-दूसरे को ऐसे गले लगाया जैसे कुंभ मेले में कहीं खो गए और अब दोनों मिल रहे हैं.'

शिशिर ने सुशांत को याद करते हुए कहा, 'जब मुझे सुशांत के बारे में शाम को 4 बजे मैसेज आया, मैं अपने आंसू नहीं रोक पाया. बहुत मुश्किल था. अंदर से एक झटका जो लगा... कैसे? क्यों? इतना बेहतरीन एक्टर, इतना सुलझा हुआ आदमी ऐसे क्यों करेगा? कुछ तो कारण होगा. वरना ऐसे कोई खुदकुशी थोड़ी कर लेता है. बहुत दुख हुआ. अब किससे बात करें, क्या करें? मैंने छोड़ दिया और कहा कि ये बहुत दुख की बात है कि ऐसा कुछ ऐसे इंसान के साथ हुआ है, जिसने एक्टिंग के पेशे को इतना सीरियसली लिया था.'

शिशिर शर्मा आगे बोले हैं, 'मुझे नहीं लगता कि वो सुसाइड था. वो ऐसा इंसान नहीं था जो ऐसा कदम उठाएगा. वो बहुत ही सुलझा हुआ आदमी था, बहुत ज्यादा सुलझा हुआ था. मुझे शक है कि वो सुसाइड करेगा. ऐसा करने के लिए तुम्हें बहुत हिम्मत और जिगर चाहिए. आप ऐसा नहीं कर सकते कि बस एक रस्सी ले आओ और खुद को फांसी पर लटका लो, नहीं. कितना कुछ जाता है आपके दिमाग में, आप नहीं सोच सकते. उसके परिणाम क्या होते हैं? ऐसी क्या परिस्थितियां होती हैं, जो आपको उस मुकाम पर ले जाती हैं, जहां आप ऐसा कदम उठाने को मजबूर हो जाते हो.'

बता दें कि सुशांत 14 जून 2020 को बांद्रा स्थित अपने फ्लैट पर रहस्यमय परिस्थितियों में मृत पाए गए थे. उनकी मौत के बाद कई सवाल उठे और मामला लगातार चर्चा में रहा. सुशांत के पिता ने उनके निधन के बाद उनकी गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें खुदकुशी के लिए उकसाने, पैसों के हेरफेर और धोखाधड़ी जैसे गंभीर आरोप लगाए गए थे. इसके बाद यह मामला सीबीआई को सौंप दिया गया. करीब साढ़े चार साल की जांच के बाद सीबीआई ने अपनी क्लोजर रिपोर्ट दाखिल की, जिसमें सुशांत की मौत की वजह खुदकुशी बताई गई.

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |