Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

अपने ही बेटों ने मां की गला रेतकर कर दी हत्या, पढ़ें पूरा मामला


बिहार के नालंदा जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां महज जमीन के चंद टुकड़ों और एक मकान के विवाद में कलयुगी बेटों ने अपनी ही जन्मदात्री मां की गला रेतकर निर्मम तरीके से हत्या कर दी। इस जघन्य हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा है। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक और हल्की झड़प भी हुई है। आइए जानते हैं इस जघन्य कांड के बारे में विस्तार से।

दरअसल, ये पूरा मामला चंडी थाना क्षेत्र के बदौरा गांव का है। मृतका की पहचान स्वर्गीय रामचंद्र प्रसाद की पत्नी जिलवी देवी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से भाषीन बिगहा की निवासी थीं और वर्तमान में अपने मायके बदौरा में रह रही थीं। घटना के पीछे की वजह लंबे समय से चला आ रहा संपत्ति विवाद बताया जा रहा है। परिजनों ने मृतका के मंझले बेटे रविशंकर कुमार, जो पटना में वाहन चलाता है, और बड़े बेटे चंद्रभूषण कुमार पर हत्या का सीधा आरोप लगाया है। बताया जाता है कि दोनों भाइयों का अक्सर अपनी मां से जमीन को लेकर झगड़ा होता था और कई बार मारपीट की नौबत भी आ चुकी थी। मृतका अपने बेटों के हिंसक व्यवहार के कारण मानसिक रूप से काफी डरी-सहमी रहती थीं।

चौकाने वाली बात यह है कि मृतका को अपनी जान का खतरा पहले से ही था। बीते शनिवार को ही जिलवी देवी ने चंडी थाना पहुंचकर पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई थी। उन्होंने लिखित रूप से आशंका जताई थी कि उनके बेटे कभी भी उनकी हत्या कर सकते हैं। इससे पहले भी उन पर जानलेवा हमला हुआ था, तब पड़ोसियों के घर में छिपकर उन्होंने अपनी जान बचाई थी। ग्रामीणों का आरोप है कि यदि पुलिस ने शिकायत पर समय रहते ठोस कदम उठाए होते, तो इस वारदात को टाला जा सकता था।

जैसे ही हत्या की खबर फैली, आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों की मांग थी कि हत्यारे बेटों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए। स्थिति बिगड़ते देख डीएसपी संजय कुमार जायसवाल भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया, जिसके बाद करीब तीन घंटे बाद जाम खत्म हो सका। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की कई टीमें आरोपित पुत्रों की तलाश में छापेमारी कर रही हैं। डीएसपी संजय कुमार जायसवाल ने बताया कि मामला प्रथम दृष्टया जमीन विवाद से जुड़ा है और पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |