पीलीभीतः मेरा युवा भारत द्वारा वृद्धाश्रम में अनुभवात्मक शिक्षण कार्यक्रम का आयोजन! युवाओं ने वृद्धजनों के साथ बिताया समय, सेवा और संवेदनशीलता का दिया संदेश
May 16, 2026
पीलीभीत। मेरा युवा भारत द्वारा “वृद्धाश्रमों के साथ युवाओं की सहभागिता” विषय पर पाँच दिवसीय अनुभवात्मक शिक्षण कार्यक्रम का आयोजन 16 मई से 20 मई 2026 तक युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तत्वावधान में वृद्ध सेवा संस्थान, बरहा, में किया जा रहा है।कार्यक्रम के अंतर्गत मेरा युवा भारत के स्वयंसेवकों ने वृद्धजनों की निस्वार्थ भाव से सेवा करते हुए उनके साथ समय व्यतीत किया तथा उनकी समस्याओं एवं अनुभवों को समझने का प्रयास किया। स्वयंसेवकों ने वृद्धजनों के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का परिचय देते हुए उन्हें हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।वरिष्ठ समाजसेवी लक्ष्मीकांत शर्मा एवं अजय गुप्ता ने वृद्धजनों से संवाद करते हुए उनके सुझाव एवं भावनाओं को जाना तथा युवाओं द्वारा किए जा रहे इस प्रयास की सराहना की। वहीं समाजसेवी शिवम कश्यप एवं युवा नेता आरिब वारसी ने वृद्धजनों के साथ आत्मीय बातचीत करते हुए उनकी आवश्यकताओं की जानकारी ली और हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।इस अवसर पर जिला युवा अधिकारी शिवम शर्मा ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम युवाओं में सेवा, संस्कार एवं सामाजिक समरसता की भावना को विकसित करते हैं। उन्होंने वृद्धजनों से युवाओं के उज्ज्वल भविष्य एवं राष्ट्र निर्माण में उनके मार्गदर्शन और आशीर्वाद की कामना की।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को समाज के वरिष्ठ नागरिकों के अनुभवों से जोड़ना तथा उनमें सेवा, संवेदनशीलता एवं मानवीय मूल्यों के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना है।

