ट्रंप ने ईरान को दी बड़ी धमकी! अब होगा महायुद्ध, जोरदार तरीके से चलेंगी गोलियां
May 26, 2026
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को बड़ी धमकी दी है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि यदि दोनों देशों के बीच डील नहीं होती है तो अब महायुद्ध होगा। इसके साथ ही ट्रंप ने अरब देशों से भी खास अपील की है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को ये धमकी अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ के जरिए दी है। ट्रुथ पर ट्रंप ने एक लंबी पोस्ट लिखी है।
इसमें उन्होंने कहा, 'ईरान के साथ बातचीत बहुत अच्छे से आगे बढ़ रही है। यह या तो सभी के लिए एक बहुत बड़ी डील होगी, या फिर कोई डील नहीं होगी। हम वापस युद्ध के मैदान में होंगे और गोलियां चलेंगी, लेकिन पहले से कहीं ज्यादा बड़े और जोरदार तरीके से चलेंगी। कोई भी ऐसा नहीं चाहता है।'
ट्रंप ने अरब देशों के नेताओं का नाम लेते हुए कहा कि इस बहुत ही पेचीदा पहेली को सुलझाने के लिए अमेरिका द्वारा किए गए तमाम प्रयासों के बाद, यह अनिवार्य होना चाहिए कि ये सभी देश कम से कम, एक ही समय पर अब्राहम समझौते (Abraham Accords) पर हस्ताक्षर करें। जिन देशों से चर्चा हुई, वे सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात (जो पहले से ही सदस्य), कतर, पाकिस्तान, तुर्की, मिस्र, जॉर्डन और बहरीन (जो पहले से ही सदस्य) हैं।
ट्रंप ने कहा कि हो सकता है कि एक या दो देशों के पास ऐसा न करने का कोई कारण हो। उसे स्वीकार कर लिया जाएगा, लेकिन ज्यादातर देशों को ईरान के साथ इस समझौते को अन्यथा की तुलना में कहीं ज्यादा ऐतिहासिक घटना बनाने के लिए तैयार, इच्छुक और सक्षम होना चाहिए।
ट्रंप ने कहा, 'मैं सभी देशों से जोर देकर अनुरोध करता हूं कि वे तुरंत अब्राहम समझौते पर हस्ताक्षर करें। अगर ईरान भी मेरे साथ अमेरिका के राष्ट्रपति के तौर पर अपना समझौता साइन करता है, तो इस बेमिसाल वैश्विक गठबंधन में उनका भी शामिल होना हमारे लिए एक सम्मान की बात होगी।'
बता दें कि अब्राहम समझौता (Abraham Accords) अमेरिका की पहल पर कराया गया एक ऐतिहासिक समझौता है। इसके तहत कुछ अरब देशों ने पहली बार औपचारिक रूप से इजरायल के साथ अपने रिश्ते सामान्य किए थे। यह समझौता साल 2020 में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के कार्यकाल में हुआ था।

