बाहुबली अनंत सिंह की मुश्किलें बढ़ीं, गिरफ्तारी रोकने की मांग वाली याचिका खारिज
May 15, 2026
मोकामा के जेडीयू विधायक अनंत सिंह की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। हाल ही में एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें अनंत सिंह को एक कार्यक्रम में देखा गया। इस दौरान अनंत सिंह पर हथियार लहराने के आरोप लगे थे। वहीं अब वायरल वीडियो मामले में शुक्रवार को एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट में सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान जिला जज ने अनंत सिंह को किसी भी तरह की राहत देने से इनकार कर दिया है। इसके साथ ही अनंत सिंह की गिरफ्तारी पर रोक लगाने की मांग वाली याचिका भी खारिज कर दी है।
बता दें कि इस मामले की सुनवाई जिला जज राजेंद्र पांडेय की अदालत में हुई। सुनवाई के दौरान जिसमें दोनों पक्षों की दलीलें सुनी गईं। अदालत ने पुलिस से केस डायरी भी तलब की है और अगली सुनवाई की तारीख 20 मई तय की गई है। सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष के अधिवक्ता ने दलील दी कि वायरल वीडियो में अनंत सिंह की कोई संलिप्तता नहीं है और यह मामला राजनीतिक साजिश के तहत दर्ज कराया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि वीडियो के साथ छेड़छाड़ की गई है और उसमें कहीं भी अश्लीलता या मुजरा दिखाई नहीं देती।
बता दें कि हाल ही में गोपालगंज में मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह के स्वागत में हथियारों के प्रदर्शन और अश्लील नृत्य का मामला सामने आया था। गोपालगंज एसपी विनय तिवारी के निर्देश पर सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के सत्यापन के बाद पुलिस ने सख्त कदम उठाते हुए मीरगंज थाना में FIR दर्ज कर ली है। इस मामले में अनंत सिंह समेत कुल 9 लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है, जबकि अन्य अज्ञात लोगों की पहचान की जा रही है। बताया जा रहा है कि 2 मई को अनंत सिंह गोपालगंज पहुंचे थे, जहां मीरगंज थाना क्षेत्र के सेमराव गांव में एक जनेऊ समारोह के दौरान उनका भव्य स्वागत किया गया था।

