Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

स्कूल में लंच के दौरान दूसरी कक्षा में खाना खाने गए छात्र पर गिरी ग्रिल, मौके पर मौत


बिहार के बेगूसराय जिले में एक सरकारी स्कूल की लापरवाही ने 14 वर्षीय छात्र की जान ले ली। बछवाड़ा थाना क्षेत्र के जहानपुर उच्च माध्यमिक विद्यालय में कक्षा में रखी लोहे की ग्रिल गिरने से 8वीं कक्षा के छात्र मुन्ना कुमार की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना बुधवार दोपहर की है, जब स्कूल में लंच ब्रेक चल रहा था। तेघड़ा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) कृष्ण कुमार ने बताया कि मुन्ना कुमार अपने एक साथी के साथ खाना खाने के लिए एक कक्षा में गया था। उसी कमरे में लोहे की ग्रिल रखी हुई थी, जो अचानक मुन्ना के सिर पर गिर गई और उसकी मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ग्रिल कैसे गिरी। अधिकारी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और छात्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। कृष्ण कुमार ने बताया, "पहली नजर में यह मामला विद्यालय प्रशासन की लापरवाही का प्रतीत होता है। यहां तक कि घटना की शुरुआती सूचना भी हमें स्कूल प्रशासन की ओर से नहीं, बल्कि ग्रामीणों से मिली थी।"

उन्होंने बताया कि जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) ने विद्यालय के प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया है। अधिकारी ने बताया, "जब पुलिस मौके पर पहुंची, तब प्रधानाध्यापक की पिटाई की जा रही थी। हमने उन्हें सुरक्षित एक कमरे में रखा।" उन्होंने बताया कि सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |