Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

उत्तराखड: डेंगू के रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए जिला प्रशासन सतर्क! किसी भी क्षेत्र में जलभराव न होने पाए, समय से हो जल निकासी के पुख्ता प्रबंध-जिलाधिकारी


हरिद्वार। राष्ट्रीय डेंगू दिवस के अवसर पर डेंगू के नियंत्रण एवं रोकथाम के लिए जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला स्तर,विकास खंड एवं तहसील स्तर के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे।

बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि आगामी मानसून को ध्यान में रखते हुए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि डेंगू के प्रकोप से जनपदवासियों की प्रभावी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने नगर निगम, नगर पालिकाओं, नगर पंचायतों, जिला पंचायत, पंचायतीराज, खंड विकास अधिकारियों, शिक्षा विभाग एवं बाल विकास विभाग को स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर व्यापक स्तर पर डेंगू की रोकथाम के लिए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी क्षेत्र में जलभराव की स्थिति उत्पन्न न होने पाए। जल निकासी के समुचित प्रबंध समय से सुनिश्चित कर लिए जाएं तथा नालियों की नियमित सफाई, झाड़ियों की कटान एवं साफ-सफाई अभियान चलाकर डेंगू के लार्वा के पनपने की संभावनाओं को समाप्त किया जाए।

जिलाधिकारी ने  जिला चिकित्सा अधिकारी एवं जिला मलेरिया अधिकारी  को स्पष्ट निर्देश दिए है कि जनपद में डेंगू से किसी भी व्यक्ति की मृत्यु नहीं होनी चाहिए। इसके लिए डेंगू जांच की पर्याप्त व्यवस्था, मरीजों के लिए समुचित वार्ड, ब्लड बैंक में प्लेटलेट्स (प्लेट्स) की पर्याप्त उपलब्धता तथा आवश्यक दवाइयों का अग्रिम भंडारण सुनिश्चित किया जाए। सभी स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को समय से पूर्व दुरुस्त कर लिया जाए और इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।

उन्होंने मुख्य शिक्षा अधिकारी एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए कि विद्यालयों के माध्यम से अभिभावकों को जागरूक किया जाए कि बच्चों को पूर्ण आस्तीन के कपड़े पहनाकर ही स्कूल भेजें। साथ ही विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्र-छात्राओं को डेंगू से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया जाए इसके साथ ही उन्होंने डेंगू के रोकथाम के लिए व्यापक प्रचार प्रसार करें के भी निर्देश दिये।

उन्होंने डेंगू की रोकथाम हेतु आमजन से भी अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक सप्ताह में कम से कम एक घंटा अपने घर एवं आसपास के परिसर की साफ-सफाई के लिए अवश्य दें, ताकि कहीं भी पानी का ठहराव न हो सके और डेंगू के मच्छरों के पनपने की संभावना समाप्त की जा सके।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ ललित नारायण मिश्र,मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ आर के सिंह, एसपी ट्रैफिक निशा यादव,जिला मलेरिया अधिकारी चंद्रमोहन कँसवाल,अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ अनिल वर्मा, नगर स्वास्थ्य अधिकरी डॉ गंभीर तलियांन,जिला आपदा प्रबन्धन अधिकारी मीरा रावत, डॉ कोमल,गणेश सकलानी,डॉ अदिति,डॉ एस के सोनी,डॉ स्वाति वर्मा सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |