Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

रुद्रपुरः एसएसपी अजय गणपति ने की मासिक अपराध समीक्षा, कानून व्यवस्था मजबूत करने के दिए निर्देश


रुद्रपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति द्वारा पुलिस कार्यालय रुद्रपुर में जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना एवं शाखा प्रभारियों तथा पुलिस कार्मिकों के साथ मासिक अपराध गोष्ठी एवं सम्मेलन आयोजित किया गया। बैठक में अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं के निस्तारण, महिला सुरक्षा तथा कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

एसएसपी ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की विभागीय, व्यक्तिगत और पारिवारिक समस्याओं की जानकारी लेते हुए उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मियों का मनोबल मजबूत रखना विभाग की प्राथमिकता है।

बैठक के दौरान जनपद के सभी थानों में दर्ज अपराधों, अभियुक्तों के विरुद्ध की गई कार्रवाई तथा लंबित विवेचनाओं की समीक्षा की गई। एसएसपी ने विवेचकों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिस उपाधीक्षकों को लंबित विवेचनाओं की नियमित समीक्षा करने तथा थाना प्रभारियों को विवेचकों की व्यक्तिगत जवाबदेही तय करने को कहा गया।

एसएसपी अजय गणपति ने बीट अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहने, जनता के साथ सीधा संवाद स्थापित करने तथा महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा बाहरी व्यक्तियों और किरायेदारों का शत-प्रतिशत सत्यापन कराने तथा साइबर ठगी से बचाव को लेकर स्कूल, कॉलेज और आम जनता के बीच जागरूकता गोष्ठियां आयोजित करने पर जोर दिया गया।

बैठक में हिस्ट्रीशीटरों की सतत निगरानी, सक्रिय अपराधियों की पहचान कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई तथा अवैध मादक पदार्थों और अवैध शराब की तस्करी रोकने के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।

एसएसपी ने पुलिस मुख्यालय स्तर से संचालित अभियानों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने को कहा। वर्तमान में चल रहे “ऑपरेशन प्रहार” एवं “ऑपरेशन लगाम” के तहत थाना प्रभारियों को अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले अभियुक्तों के बैकवर्ड और फारवर्ड लिंक तलाशने, उनके खिलाफ गुंडा एक्ट, गैंगस्टर एक्ट और पिट एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करने तथा हिस्ट्रीशीट खोलने के निर्देश दिए गए।

सम्मेलन के अंत में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले 18 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |