बीसलपुर। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के अंतर्गत कार्यरत संविदा स्वास्थ्य कर्मियों ने तीन माह से मानदेय न मिलने के विरोध में गुरुवार को कार्य बहिष्कार कर धरना-प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने शासन और विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की तथा जल्द भुगतान न होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी। हड़ताल के चलते सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित रहीं और मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। बीसलपुर तहसील क्षेत्र के सरकारी चिकित्सालयों में तैनात संविदा स्वास्थ्य कर्मियों ने सुबह से ही कार्य बंद कर धरना शुरू कर दिया। कर्मचारियों का कहना था कि लगातार तीन महीने से वेतन न मिलने से उनके सामने आर्थिक संकट गहरा गया है। परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो रहा है, लेकिन विभाग उनकी समस्याओं की ओर ध्यान नहीं दे रहा।
प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने बाहों पर काली पट्टी बांधकर विरोध जताया। उन्होंने कहा कि यदि जल्द मानदेय जारी नहीं किया गया तो हड़ताल अनिश्चितकाल तक जारी रखी जाएगी। धरने में डॉ. सविता विद्यार्थी, डॉ. नजरीन, डॉ. पराग, डॉ. चंदन सिन्हा, डॉ. सलीम, डॉ. सबीना, फार्मासिस्ट ग्रीस चंद्र, देवेंद्र कुमार, कविता गौड़, महेंद्र, मीनू, प्रीति, भाग्यश्री, अरविंद और प्रगति पांडे सहित बड़ी संख्या में संविदा स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे।
बीसलपुर के अलावा बिलसंडा, दियोरिया कला और चुरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर तैनात संविदा कर्मियों ने भी कार्य बहिष्कार जारी रखा।

