आगरा। जिला पंचायत आगरा द्वारा निर्मित छोटी काशी श्री बटेश्वरनाथ मंदिर के भव्य स्वागत द्वार का लोकार्पण भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा सांसद एवं राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह द्वारा विधि-विधान के साथ संपन्न किया गया। कार्यक्रम में बडी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान भोलेनाथ के जयकारों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पोनिया, पूर्व मंत्री राम शकल गुर्जर, पूर्व विधायक डॉ. राजेंद्र सिंह, जिला पंचायत सदस्य राम अवतार वर्मा, सहवीर सिंह, भाव सिंह नरवरिया, महेश कठेरिया तथा पंडित शिव कुमार शर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने मंदिर परिसर के विकास कार्यों की सराहना करते हुए इसे धार्मिक पर्यटन और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का पूजन-अर्चन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया ने कहा कि बाबा भोलेनाथ की असीम कृपा से यह पुण्य कार्य संभव हो पाया है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए “हर हर महादेव” के उद्घोष के साथ कार्यक्रम का समापन किया।

