Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ सेल्फी लेकर खुश हो गए साइप्रस के राष्ट्रपति


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिडेस के बीच शुक्रवार को हुई मुलाकात सिर्फ कूटनीतिक रिश्तों के लिए ही नहीं, बल्कि एक खास सेल्फी के लिए भी चर्चा में रही। क्रिस्टोडौलिडेस ने खुद मोबाइल से मोदी के साथ सेल्फी ली। उस दौरान पीएम मोदी सहज और शांत अंदाज में खड़े रहे। सेल्फी लेने के बाद दोनों नेताओं ने हंसते हुए हाथ मिलाया। इस दौरान साइप्रस के राष्ट्रपति काफी खुश नजर आए। बता दें कि सेल्फी से पहले गर्मजोशी भरे माहौल में भारत और साइप्रस ने अपने संबंधों को ‘स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप’ तक बढ़ाने का बड़ा फैसला लिया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिडेस के साथ हैदराबाद हाउस में व्यापक बातचीत की। दोनों नेताओं ने व्यापार, निवेश, समुद्री सुरक्षा, आतंकवाद विरोधी सहयोग, पश्चिम एशिया संकट और यूक्रेन युद्ध समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा की। बैठक के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में साइप्रस से भारत में होने वाला निवेश लगभग दोगुना हो चुका है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच विश्वास लगातार मजबूत हुआ है और भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते से नई संभावनाएं खुल रही हैं।

पीएम मोदी ने कहा, 'हमारा लक्ष्य अगले 5 वर्षों में इस निवेश को फिर से दोगुना करने का है। इसी संकल्प को पूरा करने के लिए आज हमने अपने भरोसेमंद रिश्ते को स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप का दर्जा दिया है।' उन्होंने कहा कि भारत और साइप्रस की दोस्ती मजबूत होने के साथ-साथ भविष्य की जरूरतों के हिसाब से भी आगे बढ़ रही है। प्रधानमंत्री ने यह भी बताया कि दोनों देशों ने समुद्री सुरक्षा और आतंकवाद के खिलाफ सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई है। साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिडेस ने भी भारत के साथ रिश्तों को नई ऊंचाई देने पर खुशी जताई।

क्रिस्टोडौलिडेस ने कहा कि दोनों देशों ने इंफ्रास्ट्रक्चर, शिपिंग और अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए एक संयुक्त टास्क फोर्स बनाने का फैसला किया है। बता दें कि राष्ट्रपति क्रिस्टोडौलिडेस बुधवार से भारत के तीन दिवसीय दौरे पर थे और आज उनके दौरे का अखिरी दिन था। उनके इस दौरे को भारत और साइप्रस के रिश्तों में एक नए अध्याय की शुरुआत माना जा रहा है। वहीं, पीएम मोदी और क्रिस्टोडौलिडेस के सेल्फी मोमेंट ने यह संदेश दिया है कि आने वाला समय दोनों देशों के लिए गर्मजोशी भरा रहने वाला है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |