पीलीभीत। मेरा युवा भारत के तत्वावधान में जिला पुस्तकालय परिसर में वीर सावरकर जयंती के अवसर पर एक प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं, विद्यार्थियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर वीर सावरकर के जीवन, संघर्ष और राष्ट्रभक्ति को नमन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को देशभक्ति, त्याग और राष्ट्रसेवा की भावना से प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत वीर सावरकर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं श्रद्धांजलि देकर की गई। इस अवसर पर उपस्थित वक्ताओं ने वीर सावरकर के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने अपने पूरे जीवन को राष्ट्रहित में समर्पित कर दिया। उनके विचार और संघर्ष आज भी युवाओं को देश के प्रति समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश देते हैं।
वरिष्ठ समाजसेवी लक्ष्मीकांत शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए वीर सावरकर की जीवनी का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने कहा कि वीर सावरकर न केवल एक महान स्वतंत्रता सेनानी थे, बल्कि वे प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक, लेखक और समाज सुधारक भी थे। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे सावरकर जी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं और राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।कार्यक्रम में शिक्षक तीर्थदेव शर्मा ने कविता पाठ के माध्यम से वीर सावरकर के साहस, संघर्ष और बलिदान की प्रेरणादायी गाथा प्रस्तुत की। उनकी देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुति ने उपस्थित युवाओं और विद्यार्थियों में उत्साह एवं राष्ट्रप्रेम की भावना का संचार कर दिया। कविता पाठ के दौरान सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
समाजसेवी एवं एक्टिविस्ट सुमित जैसवार ने अपने संबोधन में अंडमान निकोबार स्थित सेल्युलर जेल की दर्दनाक कहानी को विस्तार से साझा किया। उन्होंने बताया कि अंग्रेजी हुकूमत ने वीर सावरकर को किस प्रकार कालापानी की सजा देकर अमानवीय यातनाएं दीं, लेकिन तमाम अत्याचारों के बावजूद उनका हौसला कभी नहीं टूटा। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान को कभी नहीं भूलना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में जिला युवा अधिकारी शिवम शर्मा ने आयोजन के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं को इतिहास से जोड़ने और राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित करने का कार्य करते हैं। उन्होंने सभी अतिथियों, वक्ताओं, विद्यार्थियों एवं उपस्थित युवाओं का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने राष्ट्रसेवा और सामाजिक जागरूकता के प्रति सक्रिय रहने का संकल्प भी लिया। पूरे आयोजन का वातावरण देशभक्ति और प्रेरणा से ओतप्रोत दिखाई दिया।

