Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

यूपी में भीषण गर्मी और बिजली कटौती का 'डबल अटैक'! फूटा लोगों का गुस्सा


यूपी में भीषण गर्मी और बिजली कटौती से आम लोगों पर डबल अटैक हुआ है। एक तरफ, पारा लगातार बढ़ता जा रहा है तो दूसरी तरफ भीषण गर्मी के बीच लखनऊ में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या से नाराज लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। राजधानी के कई इलाकों में गुस्साए लोगों ने सड़कों पर उतरकर जाम लगाया और बीती रात को कई बिजली सब-स्टेशनों और पावर हाउस का घेराव कर जमकर प्रदर्शन किया।

लखनऊ के दुबग्गा इलाके में बिजली कटौती के विरोध में लोगों ने रास्ते को जाम कर दिया। गुस्साएं लोगों ने रास्ते पर सीढ़ी लगाकर पूरे रास्ते को बंद कर दिया, जिसकी वजह से कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। लखनऊ के अलग-अलग इलाकों में भारी बिजली कटौती पर लोगों का गुस्सा फूटा। लखनऊ के फैजुल्लागंज, दुबग्गा, आलमनगर, राजाजीपुरम, नादरगंज और केसरी खेड़ा इलाके में जबरदस्त बिजली कटौती हो रही है।

लखनऊ में जारी भीषण बिजली कटौती को लेकर सरोजनी नगर के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने ऊर्जा मंत्री एके शर्मा को इसे लेकर एक चिट्ठी लिखी है, जिसमें उन्होंने राज्य की बिजली व्यवस्था सुधारने के लिए सिंगापुर और अमेरिका मॉडल अपनाने की सलाह दी है। अपने पत्र में उन्होंने लिखा कि लखनऊ समेत अनेक इलाकों में भीषण गर्मी में बिजली का काटा जाना गंभीर चिंता की बात है। बार-बार बिजली बाधित होना, लो वोल्टेज, ट्रांसफॉर्मर ओवरलोड और फ्यूज फेलियोर जैसी शिकायतों के समाधान में देरी की वजह से आम जनता में बहुत ही असंतोष है।

उन्होंने आगे लिखा कि गर्मी के मौसम में ये समस्या सिर्फ इस साल की ही नहीं है। पिछले साल भी ऐसी ही परेशानी देखने को मिली थी। लोगों ने शिकायतें की थीं। पिछले साल और इस साल की शिकायतों को ध्यान में रखते हुए बिजली संकट का हल किया जाना बहुत जरूरी है। खासकर मेरे विधानसभा सरोजनी नगर में बिजली की समस्या बहुत ज्यादा हो रही है। लगातार लंबे समय तक बिजली न आने और लो वोल्टेज समेत अनेकों शिकायतें मिल रही हैं, जिससे आम जनता बहुत ही परेशान है।

लखनऊ जैसे हालात मुजफ्फरनगर में भी हैं। यहां अलग-अलग इलाकों में बिजली कटौती से परेशान कई कॉलोनी के लोगों ने पानीपत-खटीमा नेशनल हाईवे पर विष्णु विहार सुरेंद्रनगर बिजली घर के सामने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। लोगों की शिकायत है कि शहर में अघोषित कटौती हो रही है, जिसकी वजह से लोगों को बहुत परेशानी हो रही है।

वहीं, रायबरेली में बिजली कटौती से परेशान बीजेपी विधायक लखनऊ तक पहुंच गए हैं। रायबरेली की सलोन विधानसभा से विधायक अशोक कुमार कोरी मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड की MD रिया केजरीवाल से मुलाकात कर रायबरेली में बिजली संकट खत्म करने की मांग की।

भीषण गर्मी की वजह से यूपी में बिजली की मांग अचानक बढ़ गई है। यूपी में आज 28 हजार 939 मेगावाट बिजली की मांग है। तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार होने से अचानक यूपी में बिजली की डिमांड बढ़ गई है। यूपी सरकार बिजली संकट से निपटने के लिए तमाम कोशिशें कर रही है। लेकिन डिमांड और सप्लाई में बड़ा अंतर होने की वजह से बिजली की कटौती हो रही है और लोग परेशान हैं।

इससे निपटने के लिए सीएम योगी आदित्यनाथ भी एक्शन में हैं। सीएम योगी ने आदेश दिया है कि जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, बिजली विभाग और राहत एजेंसियां अलर्ट मोड में रहें। किसी तरह की लापरवाही न बरती जाए। अस्पतालों, पेयजल व्यवस्था और बिजली आपूर्ति की लगातार निगरानी की जाए। गर्मी में अधिक परेशानी बिजली कटौती और पानी की कमी से होती है। सभी डीएम अपने जिलों में नियमित समीक्षा करें और समस्याओं का तत्काल समाधान कराएं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |