Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

प्रतापगढः इनामी घोषित हुए प्रधान पर जानलेवा हमले के आरोपी, पुलिस की गिरफ्त से दूर सात हमलावरों की तलाश तेज


प्रतापगढ़/बाबागंज। खनवारी ग्राम प्रधान पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने आखिरकार शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। घटना के लगभग चार माह बाद भी गिरफ्तारी से बच रहे सात नामजद आरोपियों पर पुलिस ने दस-दस हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया है। इनामी घोषणा के बाद आरोपियों और उनके परिजनों में हड़कंप मचा हुआ है, जबकि पुलिस का दावा है कि फरार हमलावरों को जल्द गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के बाबागंज ब्लॉक स्थित खनवारी गांव के ग्राम प्रधान सुशील शुक्ल पर 06 फरवरी 2026 को उनके ही गांव के आधा दर्जन से अधिक लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया था। हमले में प्रधान गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हालत इतनी नाजुक हो गई थी कि उन्हें प्रयागराज के स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय में भर्ती कराना पड़ा, जहां उनका मरणासन्न अवस्था में इलाज चला।

मामले में स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर अविश्वास जताते हुए प्रधान ने उच्चाधिकारियों से शिकायत की थी, जिसके बाद विवेचना संग्रामगढ़ थाना से स्थानांतरित कर नवाबगंज थाना को सौंप दी गई।

पुलिस के अनुसार घटना के बाद से आरोपी रमाशंकर, अनूप, देव तिवारी, अमन सरोज, मेवालाल यादव, शीतला प्रसाद शुक्ल तथा आर्यन उर्फ अमित शुक्ल लगातार फरार चल रहे हैं और गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस को चकमा दे रहे हैं। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ ने सभी सात आरोपियों पर 10,000-10,000 का इनाम घोषित किया है।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को इन आरोपियों के संबंध में कोई जानकारी हो तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

इनामी घोषणा के बाद आरोपियों के परिजनों में बेचैनी बढ़ गई है, जबकि गांव और क्षेत्र में इस कार्रवाई को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि पुलिस इन इनामी हमलावरों तक कब पहुंचती है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |