गाजीपुरः मखदुमपुर से खिदिरगंज मार्ग पर लूट और छिनैती की घटनाओं से लोगों में भारी दहशत
May 29, 2026
सादात/गाजीपुर । स्थानीय थाना क्षेत्र के मखदुमपुर से खीदिरगंज जाने वाले सड़क मार्ग पर इन दिनों अपराधियों का आतंक छाया हुआ है। अपराधी खुलेआम घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। सिर्फ 12 दिनों के अंदर अपराधियों ने गुरुवार को इसी मार्ग पर छिनैती की दूसरी बड़ी घटना को अंजाम देकर क्षेत्र में दहशत फैला दी । गुरुवार को दिनदहाड़े पल्सर सवार नकाबपोश बदमाशों ने एक युवक से असलहे के बल पर सोने की चेन और बाइक लूट ली क्षेत्र के पट्टी गरीब उर्फ मई निवासी आशिक अंसारी (पुत्र अलरजा) और बरकत अली (पुत्र नसरुल्लाह) मखदुमपुर से अपने घर लौट रहे थे। दोपहर करीब 12 बजे कुवाटी तिराहे के पास एक काले रंग की पल्सर बाइक पर सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक करके रोक लिया। बदमाशों ने आशिक अंसारी पर पिस्टल तान दी और डरा-धमकाकर उनके गले से 5 ग्राम की सोने की चेन (सीकड़ी) और बाइक छीन ली। वारदात के बाद बदमाश आजमगढ़ की तरफ फरार हो गए। इससे पहले 16 मई को भी इसी तरह की घटना यहां हुई थी। गुरुवार को हुई वारदात स्थल से महज 200 मीटर पहले कुवाटी पुलिया के पास बदमाशों ने आदित्य सिंह (निवासी तियरा) से सोने की चेन और मोबाइल फोन लूट लिया था। लूट के बाद पीड़ित आशिक अंसारी ने तत्काल 112 नंबर पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए सीओ राम कृष्ण तिवारी, सादात थाना अध्यक्ष पन्नेलाल यादव और मखदुमपुर चैकी प्रभारी संत राम यादव भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने पीड़ितों से पूछताछ की और बदमाशों सुराग लगाने के लिए आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया । चैकी प्रभारी संत राम यादव ने बताया कि पुलिस अपराधियों को पकड़ने के लिए पूरी ताकत से जुटी हुई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

