तमिलनाडु चुनाव के बाद रजनीकांत का पहला बयान! कहा-मैं विजय से क्यों जलूंगा
May 17, 2026
साउथ सुपरस्टार विजय अब तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बन चुके हैं. जहां पहले फैंस उन्हें 'थलपति' के नाम से जानते थे, वहीं अब उनकी पहचान राज्य के नए सीएम के तौर पर हो रही है. जब से विजय तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बने हैं, सुपरस्टार रजनीकांत को लगातार आलोचना का सामना करना पड़ रहा है. कुछ लोगों का कहना है कि रजनीकांत सीएम विजय से जलते हैं, जिस पर अब खुद सुपरस्टार रजनीकांत ने रिएक्ट किया है.
रजनीकांत ने 17 मई को चेन्नई स्थित अपने घर में प्रेस कॉन्फ्रेंस रखी. इस दौरान उन्होंने उन अफवाहों पर रिएक्ट किया, जिनमें दावा किया जा रहा है कि रजनीकांत सीएम विजय से जलते हैं. सुपरस्टार ने कहा, 'अगर मैं इन अफवाहों पर कोई जवाब नहीं देता, तो लोग इन्हें ही सच मान लेंगे. चुनाव के नतीजे आने के बाद मैं एमके स्टालिन (तमिलनाडु के एक्स सीएम) से मिलने गया था, जिस पर लोगों ने काफी आलोचना की. हमारी दोस्ती राजनीति से कहीं ऊपर है. मुझे इस बात का बहुत दुख हुआ कि स्टालिन स्टालिन कुलाथुर से चुनाव हार गए.'
रजनीकांत पर एक और आरोप ये लगा था कि TVK की जीत के बाद उन्होंने विजय को बधाई नहीं दी. इस पर एक्टर ने कहा, 'सोशल मीडिया पर ये अफवाहें फैलने लगीं कि मैंने कहा है कि विजय को मुख्यमंत्री नहीं बनना चाहिए या फिर मैं दो पार्टियों को आपस में मिलाने की कोशिश कर रहा हूं. कुछ लोग तो ये भी कह रहे हैं कि मैंने एयरपोर्ट पर उन्हें बधाई नहीं दी, जबकि ऐसा नहीं है. मैं उन्हें एक्स पर पहले ही बधाई दे चुका था.'
रजनीकांत ने आगे कहा, 'रजनी कोई घटिया या निचले दर्जे का इंसान नहीं है, जो किसी भी बात पर बेवजह टिप्पणी करे. जब मुझे पता चला कि विजय मुख्यमंत्री बन गए हैं, तो मुझे बहुत हैरानी हुई. मुख्यमंत्री बनते ही मैंने उन्हें बधाई दी. मैं तो राजनीति में हूं ही नहीं, तो फिर मैं विजय से क्यों जलूंगा?' उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, 'हां, अगर कमल हासन मुख्यमंत्री बनते, तो शायद मुझे थोड़ी जलन हो सकती थी.'
रजनीकांत कहते हैं, 'विजय और मेरे बीच 25 साल का फासला है. अगर हम दोनों आपस में मुकाबला करेंगे, तो ये अच्छा नहीं लगेगा.' रजनीकांत ने विजय की तारीफ़ करते हुए कहा, '52 साल की उम्र में उन्होंने एमजी रामचंद्रन और जूनियर एनटीआर से भी ज़्यादा हासिल किया है. उन्होंने केंद्र में BJP और राज्य की दो पार्टियों का सामना किया और उन्हें हराया. मैं खुद हैरान था. कोई जलन नहीं है. विजय से बहुत उम्मीदें हैं और मेरी शुभकामनाएं उनके साथ हैं.'

