थलापति विजय ने लिया बड़ा फैसला! तृषा कृष्णन की फिल्म को मिली मॉर्निग शो की परमिशन
May 13, 2026
थलापति विजय ने मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद ही तेज़ी से कामकाज शुरू कर दिया है. रविवार को पद संभालने के बाद मंगलवार को उन्होंने राज्य में बड़ा फैसला लेते हुए 717 शराब दुकानों को बंद करने का आदेश दिया. इसी बीच फिल्म इंडस्ट्री के समर्थन में एक और कदम उठाते हुए विजय ने आरजे बालाजी की आगामी एक्शन फिल्म 'करुप्पु' के लिए सुबह 9 बजे के स्पेशल शो की परमिशन भी दे दी है. इस फिल्म में सूर्या और तृषा कृष्णन लीड रोल में हैं.
मंगलवार शाम को SR प्रभु और SR प्रकाशबाबू की प्रोडक्शन कंपनी 'ड्रीम वॉरियर पिक्चर्स' ने एक्स हैंडल से एक पोस्ट शेयर किया गया, जिसमें विजय को मुख्यमंत्री कार्यालय में काम करते हुए दिखाया गया था.
पोस्ट में फिल्म 'करुप्पु' के लिए सुबह 9 बजे के शो की अनुमति देने पर धन्यवाद देते हुए लिखा गया, 'माननीय मुख्यमंत्री थिरु जोपेश विजय को 'करुप्पु' के 9AM शो की विशेष अनुमति देने के लिए धन्यवाद. 'करुप्पु' का FDFS 14 मई से सुबह 9 बजे शुरू होगा.'
फिल्म 'करुप्पु' में सूर्या मुख्य किरदार करुप्पुस्वामी की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि आरजे बालाजी और तृषा कृष्णन वकीलों के रूप में एक-दूसरे के खिलाफ नजर आएंगे. इस फिल्म से सूर्या और तृषा कृष्णन 21 साल बाद वापस लौट रहे हैं. दोनों इससे पहले 2005 की फिल्म आरु में साथ काम कर चुके थे. फिल्म14 मई को रिलीज होने वाली है.
तमिलनाडु में आमतौर पर सुबह 9 बजे के शो अन्य राज्यों की तुलना में कम देखने को मिलते हैं, क्योंकि यहां फिल्म स्टार्स की जबरदस्त फैन फॉलोइंग के चलते लॉ एंड ऑर्डर से जुड़ी समस्याओं का खतरा रहता है. इसी वजह से राज्य में पहले 4 बजे सुबह जैसे अर्ली मॉर्निंग शो काफी लोकप्रिय थे, लेकिन 2023 में पोंगल क्लैश के दौरान हुई एक दुखद घटना के बाद प्रशासन ने ऐसे अर्ली शो पर सख्ती शुरू कर दी. इसके बाद से तमिलनाडु में सुबह बहुत जल्दी होने वाले शो लगभग बंद कर दिए गए हैं.
उस खास मौके पर दो बड़ी फिल्मों अजित की 'थुनिवु' और विजय की 'वारिसु' की रिलीज के दौरान भारी हंगामा देखने को मिला था. इन फिल्मों के लिए 4 बजे सुबह और 1 बजे रात जैसे शो रखे गए थे, जिसके चलते थिएटर्स के बाहर जबरदस्त भीड़ और अफरा-तफरी की स्थिति बन गई थी.
इसके बाद डीएमके सरकार ने सख्ती दिखाते हुए अर्ली मॉर्निंग शो पर रोक लगा दी और केवल सुबह 9 बजे के बाद ही फिल्मों के शो चलाने की अनुमति दी. अब, विजय की राजनीतिक पार्टी TVK के सत्ता में आने के बाद इन नियमों में बदलाव देखने को मिल रहा है.
बता दें, तृषा कृष्णन और थलापति विजय इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं. खबरें हैं कि दोनों एक दूसर को डेट कर रहे हैं. 10 मई को हुए विजय के शपथ ग्रहण समारोह में भी तृषा वहां मौजूद रही थीं. इस दौरान वो काफी इमोशनल भी दिखीं थी. इसके अलावा जिस दिन चुनाव परिणाम आए थे, उस दिन भी तृषा विजय के घर उनको बधाई देने पहुंची थीं. हालांकि, विजय या तृषा की ओर से अपने रिश्ते को लेकर कुछ भी आधिकारिक तौर पर नहीं कहा गया है.

