मॉनसून ने बढ़ाई रफ्तार! देश के कई राज्यों में लू के बीच आंधी-बारिश का अलर्ट
May 24, 2026
भीषण गर्मी के बीच मॉनसून दस्तक देने वाला है। मॉनसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। ऐसे में मौसम विभाग ने देश के ज्यादातर राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंधी, तूफान और बारिश की चेतावनी जारी की है। इनमें जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, कर्नाटक, केरल, गोवा और तेलंगाना है। इसके आलावा, आज केरल, लक्षद्वीप, तमिलनाडु और पूर्वोत्तर भारत में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
दिल्ली में आज यानी 24 मई को आसमान साफ रहेगा, लेकिन कुछ इलाकों में लू चलेगी। राहत की बात यह है कि 25 मई को दिल्ली में आंधी के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
यूपी के दोनों हिस्सों (पूर्वी और पश्चिमी) में 29 मई तक लू चलने का अलर्ट है। लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, आगरा, और वाराणसी जैसे शहरों में पारा 45 डिग्री तक पहुंच सकता है। हालांकि, पश्चिमी यूपी के जिलों जैसे मेरठ, शामली, बुलंदशहर और सहारनपुर में तेज हवाओं के साथ आंधी-बारिश की भी संभावना है।
बिहार के पटना, गया, मुजफ्फरपुर और भागलपुर समेत कई जिलों में मौसम मिला-जुला रहेगा। आज तेज आंधी चलने के आसार हैं, जबकि 25 और 26 मई को भारी बारिश हो सकती है। इसके बाद 28 और 29 मई को भी बारिश की संभावना जताई गई है।
पंजाब के अमृतसर, लुधियाना, पटियाला, और चंडीगढ़ में फिलहाल भीषण गर्मी से राहत नहीं है। 29 मई तक लू का अलर्ट जारी रहेगा। हालांकि, 28 और 29 मई को तेज हवाओं के साथ बारिश होने से मौसम थोड़ा बदल सकता है।झारखंड के रांची, जमशेदपुर और धनबाद में आज और कल (24-25 मई) तेज आंधी चलने की आशंका है। इसके बाद, 26 से 29 मई के बीच राज्य के कई जिलों में अच्छी बारिश होने की संभावना है।

