Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

मुरादाबाद में ‘मसीहा’ बने एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह, जाम में फंसी छात्रा को अपनी गाड़ी से पहुंचाया परीक्षा केंद्र

मुरादाबाद (विधान केसरी)। शनिवार को भीषण गर्मी, शहरभर में निकली शोभा यात्रा और प्रवक्ता भर्ती परीक्षा के चलते लगे भारी जाम के बीच मुरादाबाद पुलिस का एक मानवीय चेहरा सामने आया। ट्रैफिक व्यवस्था संभाल रहे एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए एक छात्रा का भविष्य बचाने का काम किया।
दरअसल, शहर के विभिन्न मार्गों पर शनिवार को शोभायात्रा और प्रतियोगी परीक्षा के कारण भारी वाहनों का दबाव रहा। कई प्रमुख चौराहों और मार्गों पर लंबा जाम लग गया। ऐसे में पुलिस प्रशासन लगातार ट्रैफिक व्यवस्था सुचारु रखने में जुटा रहा। तपती धूप और उमस भरी गर्मी के बीच एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह स्वयं सड़क पर उतरकर ट्रैफिक व्यवस्था संभाल रहे थे।
इसी दौरान उनकी नजर एक परेशान छात्रा पर पड़ी, जो जाम में फंसने के कारण अपनी प्रवक्ता भर्ती परीक्षा छूट जाने की आशंका से रो रही थी। छात्रा ने बताया कि यदि वह समय पर परीक्षा केंद्र नहीं पहुंची तो उसका पूरा वर्ष और भविष्य प्रभावित हो सकता है।
स्थिति की गंभीरता को समझते हुए एसपी सिटी ने तत्काल छात्रा को ढांढस बंधाया और बिना देर किए उसे अपनी सरकारी गाड़ी में बैठाकर परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने का निर्णय लिया। पुलिस वाहन ने जाम के बीच रास्ता बनाते हुए छात्रा को समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचाया, जिसके बाद छात्रा और उसके परिजनों ने राहत की सांस ली।
इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस के इस मानवीय और संवेदनशील व्यवहार की सराहना की। लोगों का कहना था कि अक्सर पुलिस को केवल कानून व्यवस्था तक सीमित नजरिए से देखा जाता है, लेकिन एसपी सिटी की इस पहल ने यह साबित कर दिया कि पुलिस जनता की मदद और उनके भविष्य की चिंता भी करती है।
एक तरफ शहर में ट्रैफिक व्यवस्था संभालने का दबाव था तो दूसरी ओर एक परीक्षार्थी के भविष्य की चिंता, लेकिन मुरादाबाद पुलिस ने दोनों जिम्मेदारियों को बखूबी निभाकर मानवता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |