शुकुलबाजार: आंधी में गिरे पेड़ की लकड़ी बना काल! वनरोज के अचानक सामने आने से हाथ से छूटा बोटा, दबकर युवक की मौत
May 18, 2026
शुकुलबाजार/अमेठी। थाना क्षेत्र के अंतर्गत तेंदुआ ग्राम पंचायत के पूरे जीत तिवारी गांव में रविवार देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। आंधी में गिरे पेड़ की लकड़ी पिकअप पर लादते समय भारी बोटा युवक के ऊपर गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है। जानकारी के अनुसार गांव निवासी चंदिका प्रसाद (33) रविवार रात आंधी में गिरे पेड़ की लकड़ी काटकर वन पुरवा के पास पिकअप वाहन पर लदवा रहे थे। इसी दौरान अचानक सामने वनरोज (नीलगाय) आ गया। वनरोज को देखकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लकड़ी का भारी बोटा चंदिका प्रसाद के हाथ से छूटकर सीधे उनके ऊपर गिर पड़ा। हादसे में गंभीर रूप से घायल चंदिका प्रसाद को परिजन तत्काल एक निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक अपने पीछे पत्नी पूनम, बेटियां रौनक 16बर्ष रोही 12, बर्ष निधि 9बर्ष तथा छह वर्षीय पुत्र हंस को छोड़ गए हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस संबंध में थानाध्यक्ष विवेक वर्मा ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद विधिक कार्रवाई कार्यवाही की जायेगी।

