उत्तर प्रदेश में आंधी-पानी का कहर, अब तक 89 लोगों की मौत
May 14, 2026
उत्तर प्रदेश में बीती रात आंधी, आकाशीय बिजली और तेज बारिश ने भीषण तबाही मचाई है। यूपी के कई जिलों में मौसम के प्रकोप से मृतकों का आंकड़ा अब तक 89 तक पहुंच गया है। प्रयागराज, भदोही, कानपुर देहात और फतेहपुर समेत कई जिलों में ज्यादा नुकसान की खबरें आ रही हैं। इस बीच, सीएम Yogi Adityanath ने हालात को गंभीरता से लेते हुए अफसरों को तत्काल राहत और बचाव कार्य को तेज करने के निर्देश दे दिए हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पीड़ितों की अनदेखी को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी जिलों के DM को जमीन पर उतरकर आंधी-पानी की आपदा से प्रभावित परिवारों से मुलाकात करने और हर मुमकिन मदद उपलब्ध कराने का आदेश दिया। सीएम योगी ने निर्देश दिए हैं कि जनहानि, पशुहानि और माली नुकसान का तुरंत आकलन हो और 24 घंटे के भीतर उसका मुआवजा पीड़ित को दे दिया जाए।
सीएम योगी की तरफ से निर्देश मिलने के बाद राहत आयुक्त कार्यालय सभी जिलों की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। वहीं, प्रशासन के अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश हैं। साथ ही, सीनियर अधिकारियों को मौके पर जाकर रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी करने के लिए कहा गया है।
योगी सरकार की तरफ से प्रभावित परिवारों को आर्थिक मदद देने के लिए प्रक्रिया को भी शुरू कर दिया गया है। अफसरों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी पीड़ित परिवार को राहत मिलने में देरी नहीं होनी चाहिए। वहीं, आकाशीय बिजली गिरने और तेज आंधी की वजह से कई क्षेत्रों में मकानों, फसलों और पेड़ों को भी नुकसान हुआ है।
हालात के मद्देनजर प्रशासन को सावधान रहने और लोगों को सुरक्षित जगहों पर रहने के लिए कहा गया है। सरकार की तरफ से दावा किया जा रहा है कि रेस्क्यू और पुनर्वास कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है ताकि प्रभावित लोगों को हरसंभव मदद जल्द से जल्द पहुंचाई जा सके।

