Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

प्रतापगढः ममेरे भाई ने चाकू से ली जान, 24 घंटे में हत्यारोपी गिरफ्तार


प्रतापगढ़/बाबागंज। प्रतापगढ़ के महेशगंज थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां आपसी रंजिश में एक युवक ने अपने ही ममेरे भाई की चाकू से हत्या कर दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया।

थाना महेशगंज क्षेत्र के ग्राम जियावन का पुरवा, राजापुर में ससुराल आए युवक की उसके ही ममेरे भाई द्वारा चाकू मारकर शनिवार को हत्या कर दी गई थी। मृतक टिंकू शुक्ला उर्फ विजय पुत्र कृपाशंकर गांव हरिहरपुर थाना बाघराय का रहने वाला था।

टिंकू शुक्ला अपनी ससुराल आया हुआ था, तभी किसी बात को लेकर उसका अपने ममेरे भाई दीपक पाण्डेय उर्फ बब्लू निवासी गोरखापुर नरियावां, थाना महेशगंज से विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि दीपक ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर टिंकू को गंभीर रूप से घायल कर दिया।

घायल अवस्था में परिजनों द्वारा उसे तत्काल सीएचसी कुंडा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए विधिक कार्रवाई शुरू की।

इस संबंध में थाना महेशगंज पर मृतक की पत्नी नेहा शुक्ल की तहरीर पर धारा 103(1) बीएनएस व 4ध्25 आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर ने अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया था। अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) बृजनन्दन राय व क्षेत्राधिकारी सदर करिश्मा गुप्ता के नेतृत्व में थाना महेशगंज पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मुखबिर की सूचना पर आरोपी दीपक पाण्डेय को महेवामलकिया के पास गंगा एक्सप्रेसवे सर्विस रोड स्थित गोपालापुर अंडरपास के पास से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतक टिंकू उससे पहले कई बार मारपीट कर चुका था, जिससे वह आक्रोशित था। इसी रंजिश में उसने चाकू से हमला कर घटना को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गया था।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है और उसको न्यायालय के समक्ष हाजिर कर दिया है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |