Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

यूपी विधानसभा चुनाव! तैयारियों में जुटी कांग्रेस, 20 मई को अमेठी पहुंचेंगे राहुल गांधी


उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिए कांग्रेस ने जमीनी स्तर पर सक्रियता तेज कर दी है. इसी कड़ी में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी 20 मई को एक दिवसीय दौरे पर अमेठी पहुंचेंगे.

कांग्रेस की जिला इकाई के अध्यक्ष प्रदीप सिंघल ने नेता राहुल गांधी के अमेठी दौरे की पुष्टि की है. सिंघल ने बताया कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 20 मई को अमेठी के एक दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं. उन्होंने बताया कि राहुल गांधी गौरीगंज जिला मुख्यालय में अमेठी जिले की ग्राम सभा से लेकर जिला स्तरीय पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक करेंगे.

राजनीतिक जानकारों के अनुसार यह बैठक संगठनात्मक समीक्षा के साथ आगामी चुनाव की रणनीतिक तैयारी का हिस्सा होगी. बैठक में बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने, युवाओं और महिला कार्यकर्ताओं की भागीदारी बढ़ाने तथा गांव-गांव जनसंपर्क अभियान तेज करने पर चर्चा संभव है. सूत्रों के मुताबिक, बैठक में जिले और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं को बुलाया गया है. राहुल गांधी कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुन सकते हैं.

दौरे के दौरान राहुल गांधी कांग्रेस के दिवंगत जिलाध्यक्ष योगेंद्र मिश्रा के गांव रामदीन पंडित जाकर उनके परिजनों से मुलाकात करेंगे. लंबे समय से बीमार योगेंद्र मिश्रा का एक मार्च 2026 को निधन हो गया था. उन्हें गांधी परिवार का करीबी माना जाता था. अमेठी लंबे समय तक गांधी परिवार का परंपरागत गढ़ रही है. राहुल गांधी के दौरे को लेकर जिले में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है. कार्यकर्ताओं ने स्वागत की तैयारियां शुरू कर दी हैं. अमेठी से कांग्रेस सांसद किशोरी लाल शर्मा भी लगातार स्थानीय नेताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों का जायजा ले रहे हैं. राहुल गांधी वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी से पराजित हो गए थे. गांधी वर्तमान में समय रायबरेली से सांसद हैं.

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |