लखनऊ। आगामी स्वच्छ सर्वेक्षण को ध्यान में रखते हुए महापौर सुषमा खर्कवाल् ने बुधवार सुबह 07 बजे नगर आयुक्त गौरव कुमार के साथ जोन-1 क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान शहर की साफ-सफाई, रोड स्वीपिंग, पार्किंग व्यवस्था एवं विकास कार्यों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान इन्दिरा भवन के सामने साफ-सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। महापौर ने अधिकारियों एवं कार्यदाई संस्थाओं के कर्मचारियों को स्वच्छ सर्वेक्षण के मानकों के अनुरूप नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें।
निरीक्षण के दौरान बालाकदर रोड स्थित ओल्ड एलडीए ऑफिस के पास अवैध रूप से खड़ी क्रेनों को लेकर महापौर ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित वाहनों को तत्काल कब्जे में लेने के निर्देश दिए। साथ ही जोनल अधिकारी को प्रत्येक वाहन पर 25-25 हजार रुपये का जुर्माना लगाने के आदेश भी दिए गए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की अव्यवस्था दोबारा न हो।
महापौर एवं नगर आयुक्त ने अमीनाबाद मार्केट क्षेत्र का निरीक्षण कर साफ-सफाई एवं रोड स्वीपिंग व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों को नाइट स्वीपिंग व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं नियमित बनाने के निर्देश दिए गए, ताकि बाजार क्षेत्र में स्वच्छता बनी रहे और नागरिकों को बेहतर वातावरण मिल सके।
निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर समय से कूड़ा उठान न होने की शिकायत मिलने पर नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार ने कार्यदाई संस्था “लखनऊ स्वच्छता अभियान” पर 01 लाख रुपये का जुर्माना लगाया। नगर आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सफाई व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
महापौर एवं नगर आयुक्त ने अमीनाबाद स्थित मल्टी लेवल पार्किंग का भी निरीक्षण किया। इस दौरान पार्किंग में अवैध रूप से खड़े वाहनों को लेकर महापौर ने सख्त नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने जोनल अधिकारी को निर्देश दिए कि ऐसे वाहनों की सूची तैयार कर पुलिस विभाग को भेजी जाए, जिससे उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। इसके साथ ही पार्किंग परिसर में अवैध रूप से खड़ी रेहड़ियों को तत्काल जब्त करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि पार्किंग व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो सके।
निरीक्षण के दौरान अमीनाबाद इंटर कॉलेज में चल रहे विकास कार्यों का भी जायजा लिया गया। महापौर ने सभागार निर्माण कार्य को गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही विद्यार्थियों के लिए बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु बन रहे बैडमिंटन कोर्ट के निर्माण कार्य को भी जल्द पूरा कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
