संजय राउत का बड़ा आरोप! अजित गुट की NCP और शिंदे की शिवसेना के विधायक तोड़ रही बीजेपी
April 03, 2026
अजित पवार गुट की एनसीपी में जारी अंदरूनी कलह के बीच शिवसेना उद्धव गुट के नेता संजय राउत ने बीजेपी पर नेताओं को तोड़ने के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि अजित गुट के कई विधायक बीजेपी में शामिल हो सकते हैं। वहीं, एकनाथ शिंदे गुट की शिवसेना के भी कुछ विधायक भाजपा में आ सकते हैं। एनसीपी में सुनेत्रा पवार ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर कहा था कि उनकी पार्टी की तरफ से पहले लिखे गए पत्रों पर कार्रवाई नहीं होनी चाहिए।
शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) के नेता और सांसद संजय राऊत ने जलगांव में बड़ा राजनीतिक बयान दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी आने वाले समय में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित पवार गुट) को तोड़ सकती है। एनसीपी में मचे घमासान पर राऊत ने कहा कि अजित पवार की एनसीपी के करीब 25 विधायक बीजेपी में शामिल हो सकते हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि यही स्थिति शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) के साथ भी हो सकती है और वहां से भी कुछ विधायक बीजेपी का रुख कर सकते हैं।
शिवसेना (उद्धव गुट) का कहना है कि एनसीपी (अजित पवार गुट) के भीतर जो मतभेद सामने आ रहे हैं, उससे संकेत मिलता है कि आने वाले दिनों में पार्टी में बड़ी टूट हो सकती है। शिवसेना और एनसीपी में बगावत के बाद दोनों दल टूट गए। अब संजय राउत ने दोनों राजनीतिक दलों में फूट की भविष्यवाणी की है।
प्रफुल पटेल और सुनील तटकरे पर पार्टी को हथियाने की कोशिश करने के आरोप लगे थे। इसके बाद सुनेत्रा पवार ने चुनाव आयोग को एक पत्र लिखा था, जिसमें कहा गया था कि वह ही पार्टी की मुखिया हैं और अगर किसी ने पार्टी से जुड़ी कोई अपील की है तो उसे अमान्य कर दिया जाए। प्रफुल पटेल एनसीपी के नेशनल वर्किंग प्रेसिडेंट हैं। वहीं, सुनील तटकरे महाराष्ट्र अध्यक्ष हैं।
