भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने बताया है कि अब देश में बेमौसम बारिश का दौर खत्म हो चुका है और अगले सात दिनों में तापमान तेजी से बढ़ेगा। फिलहाल अप्रैल के महीने में भी ठंड का एहसास हो रहा है, लेकिन आने वाले दिनों में पूरे उत्तर और मध्य भारत में तापमान तेजी से बढ़ेगा। वहीं, दक्षिण भारत में गर्मी परेशान कर सकती है। अगले 2-3 दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के अधिकांश हिस्सों में दिन का तापमान सामान्य से नीचे से लेकर सामान्य के आसपास रहने की संभावना है और इसके बाद धीरे-धीरे सामान्य से ऊपर होने के आसार हैं।
मौसम विभाग ने अगले सप्ताह उत्तर पूर्वी भारत में भारी बारिश और दक्षिणी भारत में उमस भरी गर्मी की चेतावनी दी है। वहीं, असम और मेघालय में ओलावृष्टि को लेकर भी चेतावनी दी गई है। भारत में दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हैं, जिनका असर अगले सप्ताह देखने को मिलेगा। हालांकि, ये काफी कमजोर हैं। इस वजह से मैदानी इलाकों में इनका असर नहीं देखने को मिलेगा। जम्मू कश्मीर और हिमाचल में बारिश हो सकती है। वहीं, पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की भी संभावना है। आईएमडी ने बताया कि पूर्वी भारत में 9-10 अप्रैल और पूर्वोत्तर भारत में अगले 5 दिनों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। बारिश के साथ गरज और वज्रपात भी हो सकता है। वहीं, अरुणाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारी बारिश हो सकती है।
अगले सात दिनों में कितना बढ़ेगा पारा
- पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में अधिकतम तापमान में 6-8 डिग्री सेल्सियस, उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में 8-10 डिग्री सेल्सियस, और मध्य भारत में 4-6 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक वृद्धि 15 अप्रैल तक होने की संभावना है।
- इसके परिणामस्वरूप दिन का तापमान अगले 2-3 दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से नीचे से सामान्य के आसपास रहने की संभावना है और इसके बाद धीरे-धीरे सामान्य से ऊपर होने की संभावना है।
- पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में 15 अप्रैल तक अधिकतम तापमान में 6-8 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक वृद्धि होने की संभावना है।
- उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में 15 अप्रैल तक अधिकतम तापमान में 8-10 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक वृद्धि होने की संभावना है।
- मध्य भारत में अधिकतम तापमान में 15 अप्रैल तक 4-6 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक वृद्धि होने की संभावना है।
- पूर्वी भारत में अधिकतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। इसके बाद 10-13 अप्रैल के दौरान 5-7 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक वृद्धि होने की संभावना है तथा 14 और 15 अप्रैल को कोई महत्वपूर्ण परिवर्तन नहीं होगा।
- गुजरात राज्य में 12 अप्रैल तक अधिकतम तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक वृद्धि होने की संभावना है तथा 13 -15 अप्रैल के दौरान कोई महत्वपूर्ण परिवर्तन नहीं होगा।
- महाराष्ट्र में फिलहाल अधिकतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण परिवर्तन होने की संभावना नहीं है तथा 10-13 अप्रैल के दौरान 2-3 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक वृद्धि होने की संभावना है और 14 व 15 अप्रैल को कोई महत्वपूर्ण परिवर्तन नहीं होगा।
मौसम विभाग ने बताया की अगले सात दिनों में जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तर पूर्वी राज्यों में बारिश की संभावना है। वहीं, समुद्र के किनारे बसे शहरों में गर्मी का असर देखने को मिल सकता है। पश्चिम बंगाल से लेकर केरल, महाराष्ट्र और राजस्थान तक गर्मी का असर देखने को मिल सकता है। फिलहाल लू को लेकर कोई भी चेतावनी जारी नहीं की गई है।
