प्रतापगढ/बाबागंज। सोशल मीडिया पर पनपी एक दोस्ती ने ऐसा खतरनाक मोड़ लिया कि दो बच्चों की मां को अब न्याय के लिए पुलिस का दरवाजा खटखटाना पड़ा। मामला महेशगंज थाना क्षेत्र का है, जहां इंस्टाग्राम पर शुरू हुई बातचीत धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई और फिर यह संबंध शारीरिक शोषण तक पहुंच गया।
फतूहाबाद (नगर पंचायत हीरागंज) निवासी युवक ने पहले महिला को अपने प्रेम जाल में फंसाया और शादी का झांसा देकर कई बार उसे कुंडा के होटलों में ले जाकर संबंध बनाए। महिला पूरी तरह उसके झांसे में आ चुकी थी, जबकि युवक उसकी भावनाओं से खेलता रहा।
मामला उस समय खुला जब मंगलवार रात युवक महिला के घर पहुंच गया। इसी दौरान महिला के पति ने दोनों को आपत्तिजनक हालत में रंगे हाथ पकड़ लिया। इसके बाद पति और प्रेमी के बीच जमकर मारपीट हुई, जिससे गांव में हड़कंप मच गया।
मारपीट के बाद जब महिला ने युवक से शादी की बात की तो वह मुकर गया। खुद को ठगा महसूस कर रही महिला ने अब आरोपी के खिलाफ पुलिस में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है, लेकिन यह घटना एक बार फिर सोशल मीडिया पर पनप रहे रिश्तों की सच्चाई और उसके खतरनाक अंजाम को उजागर कर रही।
.jpg)