Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

प्रतापगढः सीडीओ ने बैंक समन्वित जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रगति की समीक्षा की! सीडीओ ने सीडी रेशियो सुधारने पर दिया जोर, केसीसी में कम प्रगति वाले बैंकों को नोटिस


प्रतापगढ़। जिले में बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी डा0 दिव्या मिश्रा की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत बैंक समन्वित जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा हेतु एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में सीडी रेशियो एवं प्राथमिक क्षेत्र के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की गहन समीक्षा की गई, जिन बैंकों का ऋण-जमा अनुपात 40 प्रतिशत से कम पाया गया, उन्हें वित्तीय वर्ष 2026-27 हेतु ठोस कार्ययोजना प्रस्तुत करने तथा गुणवत्तापूर्ण ऋण वितरण के माध्यम से सीडी रेशियो को न्यूनतम 40 प्रतिशत तक लाने के निर्देश दिए गए। सीडीओ ने विशेष रूप से छोटे ऋणों के अधिक संख्या में वितरण पर बल दिया। साथ ही सीएम युवा उद्यमी, स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) सीसीएल, पीएम स्वनिधि, मत्स्य पालन, किसान क्रेडिट कार्ड आदि योजनाओं के अंतर्गत लंबित पत्रावलियों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया। किसान क्रेडिट कार्ड के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 में अपेक्षित प्रगति न होने के कारण स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, केनरा बैंक, पंजाब नेशनल बैंक एवं बैंक ऑफ इंडिया को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। 

बैठक के दौरान सीएम युवा उद्यमी योजना की समीक्षा करते हुए उपायुक्त उद्योग द्वारा अवगत कराया गया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में निर्धारित लक्ष्य 1800 के सापेक्ष कुल 1829 ऋण पत्रावलियों में ऋण वितरण कर लक्ष्य प्राप्त किया गया है। इस उपलब्धि पर मुख्य विकास अधिकारी द्वारा सभी बैंकर्स का उत्साहवर्धन किया गया तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले बैंक जिला समन्वयकों एवं शाखा प्रबंधकों को जिलाधिकारी एवं सीडीओ द्वारा हस्ताक्षरित प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी बैंक अधिकारियों को वित्तीय वर्ष 2026-27 में अधिक उत्साह एवं प्रतिबद्धता के साथ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने हेतु प्रेरित किया। अन्त में अग्रणी जिला प्रबंधक नीरज सिंह द्वारा सभी बैंकों की ओर से मुख्य विकास अधिकारी का धन्यवाद ज्ञापित किया गया तथा आश्वासन दिया गया कि आगामी वित्तीय वर्ष में बैंक शासन की अपेक्षाओं के अनुरूप बेहतर प्रदर्शन करेंगे। बैठक में पीओ नेडा सन्तोष कुमार सिंह, पीओ डूडा सीमा भारती सहित डीडीएम नाबार्ड, निदेशक आरसेटी, एनआरएलएम, उपायुक्त जिला उद्योग केंद्र सहित सभी बैंकों के अधिकारी एवं जिला समन्वयकों ने प्रतिभाग किया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |