रुद्रपुर । श्री देवेन्द्र पींचा (प्च्ै), सेनानायक 31वीं वाहिनी पीएसी द्वारा सचिवालय सुरक्षा में तैनात ‘ए’ दल पोस्ट का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य सुरक्षा व्यवस्था की वास्तविक स्थिति का आकलन करना एवं ड्यूटी पर तैनात जवानों की कार्यप्रणाली की समीक्षा करना रहा।
निरीक्षण के दौरान सेनानायक ने प्रभारी दलनायक से ड्यूटी से संबंधित विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने तैनाती व्यवस्था, सतर्कता एवं अनुशासन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। साथ ही दल के अभिलेखों का बारीकी से निरीक्षण किया गया, जिनकी सुव्यवस्थित संधारण पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया।
इसके अतिरिक्त श्री पींचा ने कोत, भोजनालय एवं जवानों के रहने की व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई एवं आवासीय सुविधाओं की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं को और अधिक बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद कर्मचारियों एवं जवानों से संवाद कर उनकी व्यक्तिगत एवं सामूहिक समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने समस्याओं के त्वरित समाधान का आश्वासन देते हुए सभी कार्मिकों को अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं अनुशासन के साथ करने के लिए प्रेरित किया।
अंत में सेनानायक ने सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि सतर्कता, अनुशासन और जिम्मेदारी ही मजबूत सुरक्षा व्यवस्था की आधारशिला हैं।
