Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

नोएडा में कंपनी के कर्मचारियों के हिंसक प्रदर्शन के बाद हाई अलर्ट पर दिल्ली पुलिस


नोएडा में कंपनी और फैक्टरी कर्मचारियों के विरोध प्रदर्शन के हिंसक हो जाने के बाद दिल्ली पुलिस को हाई अलर्ट पर रखा गया है। राष्ट्रीय राजधानी में प्रवेश के प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। अधिकारियों ने बताया कि वेतन संशोधन की अपनी लंबे समय से लंबित मांग को लेकर विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के श्रमिक बड़ी संख्या में इकट्ठा हुए और प्रदर्शन के दौरान नारेबाजी की गई।

हालांकि, विरोध प्रदर्शन हिंसा में बदल गया और नोएडा के फेज-2 तथा सेक्टर 60 इलाकों से आगजनी, तोड़फोड़ और पत्थरव की घटनाएं सामने आईं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, हिंसा फैलने से रोकने के लिए नोएडा से दिल्ली को जोड़ने वाले विभिन्न हिस्सों में सभी सड़कों पर कई टीम तैनात की गई हैं।

इसमें खासकर उत्तर प्रदेश के साथ प्रमुख सीमावर्ती बिंदुओं पर भी टीम तैनात है। वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि कड़ी निगरानी रखी जा रही है। वाहनों की गहन जांच की जा रही है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई भी असामाजिक तत्व विरोध प्रदर्शन की आड़ में राष्ट्रीय राजधानी में प्रवेश न कर सके।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, 'दिल्ली पुलिस पूरी तरह सतर्क और चौकस है। सभी महत्वपूर्ण स्थानों पर पर्याप्त बल तैनात किया गया है और किसी को भी कानून-व्यवस्था भंग करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।'

प्रमुख सीमा चौकियों पर बैरीकेड लगा दिए गए हैं। किसी भी अप्रिय घटना पर तुरंत प्रतिक्रिया देने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया दल, अर्धसैनिक बलों सहित अतिरिक्त कर्मियों को तैनात किया गया है।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि वे स्थिति पर नजर रख रहे हैं। उत्तर प्रदेश के अपने समकक्षों के संपर्क में हैं। राजधानी दिल्ली में प्रवेश करने वाली विभिन्न सड़कों पर हजारों यात्री यातायात बाधित होने से लंबे जाम में फंस गए।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |