शुकुलबाजार: थाने का एसपी ने किया आकस्मिक निरीक्षण! अपराध नियंत्रण लंबित विवेचना व शिकायतों के निस्तारण पर दिए कड़े निर्देश
April 08, 2026
शुकुलबाजार/अमेठी। पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने बुधवार को थाना शुकुल बाजार का आकस्मिक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था की हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर की साफ-सफाई, कार्यालय व्यवस्था, अभिलेखों के रख-रखाव तथा तकनीकी व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। एसपी ने सीसीटीएनएस कक्ष का निरीक्षण कर ऑनलाइन दर्ज हो रहे अपराधों एवं उनकी प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव और समय-समय पर अद्यतन करने के निर्देश दिए। शस्त्रागार का निरीक्षण करते हुए उन्होंने हथियारों की स्थिति, उनके रख-रखाव तथा सुरक्षा मानकों का भी परीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके साथ ही सीसीटीवी कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर कैमरों की कार्यशीलता की जानकारी ली और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करने पर जोर दिया। मिशन शक्ति केंद्र का निरीक्षण करते हुए महिलाओं से संबंधित मामलों में संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसपी ने थानाध्यक्ष विवेक वर्मा सहित उपस्थित पुलिसकर्मियों को अपराध नियंत्रण को प्राथमिकता देने, लंबित विवेचनाओं का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने तथा थाने पर आने वाले शिकायती प्रार्थना पत्रों को समयबद्ध तरीके से निपटाने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने जनसुनवाई को प्रभावी बनाने, पीड़ितों के साथ बेहतर व्यवहार करने और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। इस दौरान क्षेत्राधिकारी मुसाफिरखाना अतुल कुमार सिंह समेत अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
