महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) प्रमुख सुनेत्रा पवार ने बुधवार को कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल से बात की। सुनेत्रा पवार ने उनसे यह सुनिश्चित करने का अनुरोध किया कि बारामती विधानसभा उपचुनाव में उनकी पार्टी के उम्मीदवार अपना नामांकन वापस ले लें। ये जानकारी सूत्रों के हवाले से सामने आई है।
बारामती विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान 23 अप्रैल को होना है। नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि से एक दिन पहले राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस ने इस सीट से आकाश मोरे को मैदान में उतारा है, जो सुनेत्रा के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं।
इससे पहले दिन में सुनेत्रा पवार ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात कर उपचुनाव की रणनीति और प्रचार पर चर्चा की। सूत्रों के मुताबिक, फडणवीस ने उन्हें 'बड़े भाई' की तरह भाजपा का पूरा समर्थन देने का आश्वासन दिया। तत्कालीन उपमुख्यमंत्री अजित पवार की विमान दुर्घटना में मृत्यु के बाद बारामती सीट पर उपचुनाव हो रहे हैं।
बता दें कि बारामती विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। यह उपचुनाव राज्य की सबसे प्रतिष्ठित सीटों में गिना जा रहा है, जहां मुख्य मुकाबला डिप्टी सीएम सुनेत्रा पवार और कांग्रेस से आकाश मोरे के बीच बना हुआ है।
