Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

रुद्रपुर: अम्बेडकर जयंती! समानता और न्याय के संकल्प का दिवस-शिवांगी गंगवार, अधिवक्ता, हाईकोर्ट


रुद्रपुर । भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती केवल एक महान व्यक्तित्व के जन्म का उत्सव नहीं, बल्कि उनके विचारों, संघर्ष और समता के संदेश को आत्मसात करने का अवसर है। यह दिन हमें उस दिशा की याद दिलाता है, जिसने भारत को एक सशक्त लोकतांत्रिक और संवैधानिक राष्ट्र के रूप में स्थापित किया।

डॉ. अम्बेडकर ने अपना पूरा जीवन समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को अधिकार, सम्मान और न्याय दिलाने के लिए समर्पित किया। उन्होंने शिक्षा, संघर्ष और आत्मविश्वास के माध्यम से सामाजिक परिवर्तन की जो मिसाल पेश की, वह आज भी करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणास्त्रोत बनी हुई है।

भारतीय संविधान के शिल्पकार के रूप में उन्होंने न केवल देश को एक मजबूत कानूनी ढांचा दिया, बल्कि यह भी सिखाया कि किसी राष्ट्र की असली ताकत उसके नागरिकों के बीच समानता, स्वतंत्रता और भाईचारे में निहित होती है। महिलाओं, वंचित वर्गों, श्रमिकों और किसानों के अधिकारों के लिए उनका संघर्ष आज भी समाज के लिए मार्गदर्शक है।

वर्तमान समय में जब समाज कई प्रकार की असमानताओं और विभाजनों का सामना कर रहा है, तब बाबा साहेब के विचार और भी अधिक प्रासंगिक हो उठते हैं। जरूरत है कि हम उनके बताए रास्ते पर चलते हुए एक ऐसे समाज का निर्माण करें, जहाँ हर व्यक्ति को समान अवसर, सम्मान और न्याय प्राप्त हो।

बाबा साहेब का प्रसिद्ध संदेश“-शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो”आज भी हर उस व्यक्ति के लिए प्रेरणा है, जो अपने अधिकारों और सम्मान के लिए प्रयासरत है। अम्बेडकर जयंती के इस अवसर पर हम सभी को यह संकल्प लेना चाहिए कि हम संविधान के मूल्यों, सामाजिक समरसता, महिला सम्मान, शिक्षा और न्याय के सिद्धांतों को अपने जीवन में उतारें और एक समतामूलक भारत के निर्माण में अपना योगदान दें। डॉ. भीमराव अम्बेडकर जी को उनकी जयंती पर विनम्र श्रद्धांजलि।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |